96 साल, 8 चैंपियन और 22 टूर्नामेंट: क्या FIFA वर्ल्ड कप 2026 तोड़ेगा फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा ट्रेंड?

फीफा वर्ल्ड कप 2026 इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होगा, लेकिन 96 साल के इतिहास में सिर्फ 8 देश ही चैंपियन बने हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या इस बार कोई नया देश पहली बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास बदल पाएगा?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 June 2026, 2:19 PM IST

New Delhi: फीफा वर्ल्ड कप दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित और सबसे बड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट माना जाता है। 1930 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट के 96 साल के इतिहास में अब तक केवल आठ देश ही चैंपियन बन पाए हैं। यह आंकड़ा खुद बताता है कि इस ट्रॉफी को जीतना कितना कठिन है। अब 2026 में जब 48 टीमों के साथ सबसे बड़ा वर्ल्ड कप खेला जाएगा, तो सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कोई नया देश पहली बार खिताब जीत पाएगा या फिर इतिहास एक बार फिर पुराने दिग्गजों के नाम रहेगा।

विश्व कप का इतिहास

1930 से 2022 तक कुल 22 वर्ल्ड कप खेले जा चुके हैं। इतने लंबे इतिहास के बावजूद खिताब सिर्फ चुनिंदा देशों तक सीमित रहा है। ब्राजील, जर्मनी, इटली, अर्जेंटीना, फ्रांस, इंग्लैंड, स्पेन और उरुग्वे जैसे देशों ने ही ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।

FIFA World Cup 2026: 48 टीमें, 104 मैच और 39 दिन का रोमांच; जानिए पूरा शेड्यूल एक नजर में!

ब्राजील: सबसे सफल टीम, 5 बार का चैंपियन

फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में ब्राजील सबसे सफल टीम है। उसने 5 बार खिताब जीता है और हर युग में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। फुटबॉल की दुनिया में ब्राजील को हमेशा सबसे बड़ा दावेदार माना जाता रहा है।

जर्मनी और इटली: चार-चार बार की चैंपियन विरासत

जर्मनी और इटली दोनों ने चार-चार बार वर्ल्ड कप जीता है। जर्मनी ने 1954, 1974, 1990 और 2014 में खिताब अपने नाम किया। वहीं इटली ने 1934, 1938, 1982 और 2006 में विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। हालांकि हैरानी की बात यह है कि इटली 2018, 2022 और अब 2026 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर सका।

अर्जेंटीना: मेसी युग में नई ऊंचाई

अर्जेंटीना ने 1978, 1986 और 2022 में वर्ल्ड कप जीता है। 1986 में डिएगो माराडोना ने टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी, जबकि 2022 में लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराकर तीसरा खिताब जीता। 2026 में अर्जेंटीना डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगा और यह संभवतः मेसी का आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है।

FIFA World Cup 2026: उरुग्वे के पास 2 खिताब, फिर भी जर्सी पर 4 स्टार क्यों? जानिए हैरान करने वाला कारण

उरुग्वे: चार स्टार वाली रहस्यमयी जर्सी

उरुग्वे ने केवल 1930 और 1950 में दो बार वर्ल्ड कप जीता है, लेकिन उसकी जर्सी पर चार स्टार होते हैं। इसका कारण यह है कि 1924 और 1928 के ओलंपिक फुटबॉल टूर्नामेंट को फीफा ने विश्व चैंपियनशिप का दर्जा दिया था, इसलिए इन्हें भी सम्मानित उपलब्धि माना जाता है।

2026 वर्ल्ड कप

2026 वर्ल्ड कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और 104 मैच खेले जाएंगे। यह टूर्नामेंट छोटे और उभरते फुटबॉल देशों के लिए बड़ा मौका होगा। हालांकि इतिहास बताता है कि वर्ल्ड कप जीतना आसान नहीं है और दिग्गज टीमें अभी भी सबसे मजबूत दावेदार बनी रहती हैं।

Location :  New Delhi

Published :  9 June 2026, 2:19 PM IST