Griha Pravesh Vastu: नए घर में प्रवेश करने से पहले अपनाएं ये आसान वास्तु टिप्स, सुख-समृद्धि से भर जाएगा आपका आशियाना

नया घर सिर्फ एक बदलाव नहीं, बल्कि नई शुरुआत है। गृह प्रवेश के समय सेंधा नमक के पोछे, गंगाजल के छिड़काव, चोखट पूजन और दूध उबालने जैसे जरूरी वास्तु उपायों को अपनाकर आप अपने घर को सुख, शांति और समृद्धि से भर सकते हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 11:48 AM IST

New Delhi: नया घर लेना हर किसी के जीवन का एक बड़ा सपना होता है। यह सिर्फ चारदीवारी का बदलाव नहीं, बल्कि एक नई और खूबसूरत शुरुआत होती है। हर व्यक्ति चाहता है कि उसके नए घर में कदम रखते ही सुख, शांति, अच्छी सेहत और समृद्धि का वास हो। वास्तु शास्त्र के अनुसार, नए मकान में शिफ्ट होने से पहले और गृह प्रवेश के दौरान कुछ विशेष नियमों का पालन करना बेहद जरूरी माना गया है। यदि आप भी नए घर में जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो इन आसान वास्तु टिप्स को अपनाकर अपने घर को सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर कर सकते हैं।

नकारात्मक ऊर्जा को ऐसे भगाएं दूर

अक्सर लोग सोचते हैं कि घर की धूल-मिट्टी साफ कर देना ही काफी है, लेकिन वास्तु के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान वहां कई तरह की नकारात्मक ऊर्जा (Negative Energy) जमा हो जाती है। घर में सामान शिफ्ट करने या एंट्री करने से भी पहले पूरे फर्श की सफाई सेंधा नमक मिले हुए पानी से करवानी चाहिए। सेंधा नमक घर की नकारात्मकता को सोख लेता है।

इसके बाद पूरे घर में पवित्र गंगाजल का छिड़काव करें। ऐसा करने से घर बनाने वाले मजदूरों या बाहरी लोगों की जो भी नेगेटिविटी वहां रही होगी, वह पूरी तरह समाप्त हो जाएगी और घर में पॉजिटिव एनर्जी का संचार होगा।

Vastu Tips: घर की उत्तर दिशा चमकाएगी आपकी किस्मत! बस अपनाएं ये आसान वास्तु उपाय, खिंचा चला आएगा पैसा

शुभ मुहूर्त और रोशनी का महत्व

गृह प्रवेश हमेशा सही और शुभ मुहूर्त देखकर ही करना चाहिए। इसके लिए अपने पंडित जी से बात करके उत्तम दिन, तिथि और सही समय का चयन करें। गलत समय पर नए घर में प्रवेश करने से मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानियां आ सकती हैं।

इसके अलावा, जिस दिन आप गृह प्रवेश कर रहे हों, उस दिन और उसके बाद भी कुछ दिनों तक घर को हमेशा रोशनी से जगमगाते रखें। घर के किसी भी कोने में अंधेरा न रहने दें, क्योंकि भरपूर रोशनी सकारात्मक माहौल को बनाए रखने में सबसे मददगार साबित होती है।

मुख्य द्वार और चोखट का विशेष पूजन

वास्तु में घर के मुख्य द्वार (Main Gate) को सबसे महत्वपूर्ण माना गया है, क्योंकि यहीं से खुशियां भीतर आती हैं। गृह प्रवेश के दिन मुख्य द्वार पर आम के पत्तों का तोरण (बंदनवार) जरूर लगाएं। इसके साथ ही एक विशेष उपाय करें: हल्दी में थोड़ा सा गंगाजल और गुलाब जल मिलाकर पेस्ट बना लें।

इस पेस्ट को मुख्य द्वार की पूरी चोखट (देहली) पर अच्छे से मल दें और उस पर कुमकुम से बिंदी या स्वास्तिक बनाएं। हल्दी और गुलाब जल की यह खुशबू और शुद्धता घर में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करेगी।

Vastu Tips: बच्चों के कमरे की बेडशीट का रंग बदल सकता है उनका भविष्य, जानें मूड और पढ़ाई से जुड़ा यह खास वास्तु कनेक्शन

हवन, पूजा और दूध उबालने की रस्म

नए घर में विधि-विधान से हवन, पूजा और कलश स्थापना करके ही प्रवेश करना चाहिए। भगवान की मूर्तियों को शुभ मुहूर्त में मंदिर में स्थापित करें। इसके बाद रसोई घर में दूध उबालने की रस्म पूरी करें। दूध का उबलकर बर्तन से बाहर गिरना समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।

इसके साथ ही, घर के हर एक कोने और वहां रखे हर छोटे-बड़े सामान की पूजा करें। चाहे वह वाशिंग मशीन हो, बाथरूम हो या फिर बिजली का मीटर हर चीज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पूजा करें। इन सरल वास्तु नियमों को अपनाकर आपका नया घर सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि खुशियों से भरा आशियाना बन जाएगा।

Location :  New Delhi

Published :  16 June 2026, 11:48 AM IST