चैत्र नवरात्र का शुभारंभ आज: कलश स्थापना के साथ गूंजेगा शंखनाद… भक्तों में जबरदस्त उत्साह

चैत्र नवरात्र की शुरुआत आज कलश स्थापना के साथ हो रही है। देशभर में मंदिरों और घरों में शक्ति साधना का माहौल है। मां वैष्णो देवी का दरबार भव्य सजावट से जगमगा रहा है। लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 19 March 2026, 2:53 AM IST

New Delhi: चैत्र नवरात्र के पावन पर्व की शुरुआत आज कलश स्थापना के साथ हो रही है। इसी के साथ नौ दिनों तक चलने वाली शक्ति साधना का शंखनाद होगा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा। धर्मनगरी कटड़ा में आस्था का महाकुंभ सज चुका है, जहां हर ओर रोशनी, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

जम्मू मार्ग, बाण गंगा मार्ग और उधमपुर मार्ग सहित कई प्रमुख स्थलों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं। मंदिरों और घरों में विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालु सुबह शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा के साथ नवरात्र के अनुष्ठान की शुरुआत करेंगे।

जगमगाया मां वैष्णो देवी का दरबार

विश्व प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी का दरबार इन दिनों रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजा हुआ है। देश-विदेश से मंगाए गए ऑर्किड, लिली, गुलाब और गेंदे के फूलों से पूरे परिसर को आकर्षक बनाया गया है। श्रद्धालु इस अद्भुत नजारे को देखकर मंत्रमुग्ध हो रहे हैं और इसे अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।

मुख्य बस स्टैंड स्थित श्रीधर चौक में विशाल दुर्गा पंडाल भी तैयार किया गया है। यहां मां दुर्गा, मां महाकाली, मां सरस्वती और मां वैष्णो देवी की पिंडियां स्थापित की जाएंगी। सुबह-शाम आरती के साथ भगवती जागरण और भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

Weather Alert: दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम; अगले 2 दिन तक आंधी-बारिश का खतरा, तेज हवाएं और बारिश तय

लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

इस वर्ष नवरात्र के दौरान रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आंकड़ों के अनुसार, 2026 के पहले तीन महीनों में ही करीब 16 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। नवरात्र के दौरान 3 से 4 लाख अतिरिक्त भक्तों के आने की उम्मीद है, जिससे यह आंकड़ा 20 लाख के पार जा सकता है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने भी विशेष तैयारियां की हैं। नवरात्र के दौरान ठहरने पर 30 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। साथ ही व्रत रखने वाले भक्तों के लिए फलाहार और पारंपरिक व्यंजनों की व्यवस्था की गई है।

नवरात्र से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, हरिद्वार में 120 किलो कुट्टू आटा जब्त… जांच तेज

सुरक्षा और स्वच्छता पर खास फोकस

नवरात्र के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। क्विक रिस्पांस टीम और डॉग स्क्वॉड भी लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से दर्शन कर सकें।

वहीं स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर पालिका की टीमें 24 घंटे काम कर रही हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा से जीवन में स्थिरता, शक्ति और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। ऐसे में देशभर के श्रद्धालु पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ इस पर्व को मनाने के लिए तैयार हैं।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 19 March 2026, 2:53 AM IST