Sonipat Road Accident: कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे का खौफनाक मंजर, तीन की मौके पर मौत

सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में KMP एक्सप्रेसवे पर मजदूरों से भरी ईको की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत और नौ लोग घायल हो गए। सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव और जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 3 September 2026, 9:04 AM IST
google-preferred

Sonipat:  हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। खरखौदा क्षेत्र में गोपालपुर गांव की सीमा के पास मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

बाजरा काटने के लिए जा रहे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के करीब 11 मजदूर और ईको चालक समेत कुल 12 लोग झज्जर की ओर बाजरा काटने के लिए जा रहे थे। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे उनकी गाड़ी KMP एक्सप्रेसवे पर गोपालपुर गांव की सीमा के पास पहुंची।

इसी दौरान ईको की एक ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने राहत-बचाव की कोशिश शुरू की।

तीन लोगों की मौके पर मौत

हादसे में ईको सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पीलीभीत के बड़ेपुरा निवासी रामनरेश पुत्र रामचंद्र की पहचान हुई है। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

दो शवों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि एक शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त ईको गाड़ी में फंस गया था। राहतकर्मियों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को वाहन से बाहर निकाला।

Gold Price Today: लखनऊ में 1,52,160 रुपये पहुंचा 24 कैरेट सोना, लगातार छठे दिन गिरावट के बाद जानें ताजा भाव

नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान विवेक, छोटू, हरिशंकर, खुशहाली, फातिलाल, महेंद्र पाल, संजीव, प्रमोद और नेवाराम के रूप में हुई है। सभी घायल पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल खरखौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ घायलों के बेहोशी की हालत में होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ ईको में फंसे शव को बाहर निकालने का अभियान चलाया गया।

पुलिस ने मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Sonipat

Published :  3 September 2026, 9:04 AM IST

Advertisement