
कांग्रेस भवन के बाहर मिला शव (Img- X)
Rohtak: हरियाणा के रोहतक शहर के सबसे व्यस्त और हाई-सिक्योरिटी वाले इलाके में बुधवार (30 सितंबर) को उस समय हड़कंप मच गया, जब कांग्रेस भवन के ठीक बाहर खड़ी एक VIP '0001' नंबर वाली स्कॉर्पियो गाड़ी के अंदर से एक वकील का शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान रोहतक की पूर्व पार्षद दीपिका नारा के पति और पेशे से वकील प्रदीप नारा के रूप में हुई है। घटनास्थल से महज कुछ ही दूरी पर एसपी कार्यालय, सिविल लाइन थाना और महिला पुलिस थाना स्थित हैं, जिससे इस वारदात ने शहर के प्रशासनिक हलकों और आम जनता में भारी खलबली पैदा कर दी है।
सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी के साथ-साथ आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया कि मृतक की कनपटी पर गोली लगी हुई थी और गाड़ी के अंदर ही उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर भी पड़ी मिली।
पुलिस को शुरुआत में इसे सुसाइड का मामला मानकर सूचना मिली थी, जिसके आधार पर फोरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट्स और खून के नमूने जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
कुल्हाड़ी-रॉड से हमला और फिर मौत! 2014 की ‘रोहतक सिस्टर्स’ के परिवार पर हमले से मचा हड़कंप
दूसरी तरफ, मृतक प्रदीप नारा के परिजनों ने आत्महत्या के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए हत्या का संगीन आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि प्रदीप किसी दबाव में नहीं थे और परिस्थितियों को देखते हुए यह साफ तौर पर एक सोची-समझी साजिश लगती है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और हर पहलू से गहन जांच की जाए ताकि यह साफ हो सके कि आख़िर किन परिस्थितियों में और किन लोगों की मौजूदगी में यह दर्दनाक हादसा हुआ।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रोहतक पुलिस ने हत्या और आत्महत्या, दोनों ही एंगल्स को ध्यान में रखकर पड़ताल तेज कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना से ठीक पहले गाड़ी की आवाजाही और वहां मौजूद संदिग्धों का सुराग मिल सके।
इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन डेटा को भी फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तकनीकी साक्ष्य मिलने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Location : Rohtak
Published : 1 October 2026, 9:39 AM IST