
पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर ताबड़तोड़ फायरिंग (IMG: Dynamite News)
Barnala: पंजाब के बरनाला में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। गांव फरवाही में मशहूर पंजाबी सिंगर और गीतकार गुलाब सिद्धू के घर को बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि रात करीब 1 से 2 बजे के बीच तीनों युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और घर के मुख्य गेट पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब गांव फरवाही में ज्यादातर लोग अपने घरों में थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गुलाब सिद्धू के घर के बाहर पहुंचे। तीनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। बाइक रुकते ही हमलावरों ने घर के मुख्य गेट को निशाना बनाया और लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग इतनी तेजी से की गई कि आसपास के इलाके में गोलियों की आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई।
इस घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में तीन युवक बाइक पर नजर आ रहे हैं। सामने आई जानकारी के मुताबिक बाइक चला रहा युवक घटना को रिकॉर्ड कर रहा था, जबकि उसके साथ बैठे दो युवकों ने बाएं हाथ से फायरिंग की। CCTV फुटेज अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए फुटेज को खंगाल रही है।
पंजाबी सिंगर Diljit Dosanjh के साथ PM Modi ने की मुलाकात, सिंगर ने गाया गाना तो पीएम ने बजाया तबला
फायरिंग के समय गुलाब सिद्धू खुद अपने घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह अपने कार्यक्रमों के सिलसिले में विदेश में हैं। हालांकि परिवार के कुछ सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। ऐसे में फायरिंग के बावजूद किसी के घायल नहीं होने को बड़ी राहत माना जा रहा है। गुलाब सिद्धू को दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का करीबी दोस्त बताया जाता है। सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें गैंगस्टर डोनी बल के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया जा रहा है। कथित ऑडियो में गुलाब सिद्धू पर सिद्धू मूसेवाला के नाम का फायदा उठाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। ऑडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि गुलाब सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जुड़े आरोपियों के दोस्तों की शादियों में शामिल हो रहे थे। हालांकि इस वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी गिरफ्तार, मानव तस्करी से जुड़े मामले में 2 साल की सजा बरकरार
गुलाब सिद्धू को पहले भी धमकियां मिलने और रंगदारी मांगने की बात सामने आ चुकी है। इसी वजह से पंजाब पुलिस की ओर से उन्हें दो सुरक्षाकर्मी दिए जाने की जानकारी है। इसी साल जनवरी में पुलिस ने एक सरपंच और उसके दो कथित साथियों को गुलाब सिद्धू पर हमले की साजिश और रंगदारी गिरोह चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की पिस्तौल, तीन कारतूस, एक नकली पिस्तौल और एक कार बरामद की गई थी।
बरनाला के एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम के मुताबिक पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है कि फायरिंग के पीछे किसी गैंग का हाथ है। जांच टीम CCTV फुटेज समेत दूसरे सुरागों को खंगाल रही है।
Location : Barnala
Published : 13 September 2026, 12:39 PM IST