पंजाब में इंसाफ रैली : राहुल गांधी ने किसको घेरा! बोले- पांच मिनट में बता दूंगा कौन सच बोल रहा है

संगरूर की इंसाफ रैली में राहुल गांधी ने भगवंत मान सरकार पर नशे, गैंगस्टरवाद और अधूरे चुनावी वादों को लेकर हमला बोला। सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमने-सामने बहस की चुनौती दी। मल्लिकार्जुन खरगे, चरणजीत चन्नी और सचिन पायलट समेत कांग्रेस नेताओं ने भी 2027 चुनाव को लेकर हुंकार भरी।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 4 November 2026, 4:38 PM IST

Sangrur : कांग्रेस की इंसाफ रैली के मंच से राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार और केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। गांव फगुवाला में आयोजित इस रैली में राहुल गांधी ने पंजाब में नशे, गैंगस्टरवाद, किसानों की समस्याओं और उद्योगों की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए पंजाब की सरकार चलाई जा रही है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली चुनौती देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह किसी भी मंच पर उनसे आमने-सामने बहस करने के लिए तैयार हैं।

सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र कर भावुक हुए राहुल गांधी

रैली में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र किया। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला के साथ अपनी पुरानी मुलाकात को याद करते हुए उन्हें बेहद प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा बताया। राहुल गांधी ने कहा कि जिस तरह दिनदहाड़े मूसेवाला की हत्या की गई, वह बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि जिस पिता को अपने जवान बेटे की अर्थी देखनी पड़े, उससे बड़ा दर्द दुनिया में कोई नहीं हो सकता। राहुल ने आरोप लगाया कि मूसेवाला की सुरक्षा हटाए जाने के बाद उनकी सरेआम हत्या कर दी गई।

नशे और गैंगस्टरवाद पर मान सरकार को घेरा

पंजाब में नशे की समस्या को सबसे बड़ा संकट बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब तक प्रदेश में उद्योग, फैक्ट्रियां और खेती-किसानी मजबूत नहीं होंगी, तब तक नशे और गैंगस्टरवाद को खत्म करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि पहले जब उन्होंने पंजाब में नशे का मुद्दा उठाया था, तब बीजेपी और अकाली दल ने उनकी बात को नकार दिया था।

राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि सरकार ने पंजाब के किस हिस्से से नशा खत्म किया है? मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्होंने लोकसभा के दिनों का एक संस्मरण साझा किया और कहा कि जो मुख्यमंत्री खुद हर शाम नशे की गिरफ्त में रहता हो, वह जनता को नशे से कैसे बचा सकता है? राहुल ने कहा कि पंजाब को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जिसके दिल में प्रदेश का दर्द हो।

मोदी को डिबेट की चुनौती

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधे मुकाबले की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कांग्रेस नेताओं को देशद्रोही बताते हैं तो उन्हें सामने बैठकर बहस करनी चाहिए। राहुल ने कहा कि मोदी चाहें तो किसी भी मंच या एनडीटीवी के स्टूडियो में उनके साथ बहस कर सकते हैं। इसके लिए वह किसी भी व्यक्ति को जज बना सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि वह महज पांच मिनट में प्रधानमंत्री के सामने अपनी बात साबित कर देंगे।

‘हैप्पी दिवाली! 24 घंटे हो गए, मोदी जी…’ राहुल गांधी ने फिर दी खुली बहस का चैलेंज, मोहन भागवत को जज बनाने की दी सलाह

दिल्ली से नहीं, पंजाब से चलनी चाहिए सरकार

राहुल गांधी ने भगवंत मान सरकार पर दिल्ली से संचालित होने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि जब पंजाब का मुख्यमंत्री प्रदेश में मौजूद है तो सरकार के फैसले दिल्ली या केंद्रीय गृह मंत्री के इशारों पर क्यों लिए जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार पंजाब से ही चलनी चाहिए।

उन्होंने एमएसपी, महिलाओं को आर्थिक सहायता और नशामुक्त पंजाब जैसे चुनावी वादों का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब देश को अनाज देता है और यहां के किसानों का देश की खाद्य व्यवस्था में बड़ा योगदान है। उन्होंने खेलकूद, टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल जैसे उद्योगों को दोबारा मजबूत करने की जरूरत बताई। उनके मुताबिक, खेती और उद्योग को बचाए बिना नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ लड़ाई नहीं जीती जा सकती।

खरगे बोले- पंजाब की नीति पंजाब के नेता तय करेंगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रैली में उमड़ी भीड़ को पार्टी की एकजुटता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस नेताओं को एकजुट रहने की जरूरत है। खरगे ने राहुल गांधी की ओर से उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे का जिक्र करते हुए बीजेपी पर संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने भगवंत मान सरकार को खराब सरकार बताते हुए कहा कि पंजाब की नीतियां पंजाब के नेता ही तय करेंगे। उन्होंने दावा किया कि अगर कांग्रेस पंजाब में चुनाव जीतती है तो पूरे देश में भी पार्टी की जीत होगी।

Location :  Sangrur

Published :  4 November 2026, 4:38 PM IST