पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: करोड़ों के गबन मामले में घिरी महिला SDM गिरफ्तार

पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस ने हाईवे जमीन अधिग्रहण घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पीसीएस अधिकारी एसडीएम अनुप्रीत कौर रंधावा को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर ₹1.63 करोड़ के गबन का आरोप है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 3:58 PM IST

Gurdaspur: पंजाब के गुरदासपुर पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 7 बजे एक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने पीसीएस (PCS) अधिकारी और एसडीएम अनुप्रीत कौर रंधावा को उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया। अनुप्रीत कौर की यह गिरफ्तारी जम्मू-कश्मीर-राजस्थान हाईवे के निर्माण के लिए अधिग्रहित (एक्वायर) की गई जमीन के मुआवजे में हुए बड़े गबन और घोटाले के मामले में की गई है।

पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की गहन पूछताछ शुरू कर दी है। अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे घोटाले में और कौन-कौन से अधिकारी या लोग शामिल थे और यह मोटी रकम किस तरह से जारी की गई।

अपात्र लोगों के खातों में डाल दिए लाखों रुपये

यह पूरा मामला जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण से जुड़ा हुआ है। इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने जमीन एक्वायर की थी। आरोप है कि उस समय पट्टी की एसडीएम रहीं अनुप्रीत कौर ने कथित तौर पर उन लोगों को सरकारी पैसे का लाभ पहुंचाया, जिनकी जमीन इस हाईवे प्रोजेक्ट में ली ही नहीं गई थी।

इस गबन का खुलासा तब हुआ जब पट्टी के वर्तमान एसडीएम नवराज सिंह बराड़ ने तत्कालीन डीसी प्रदीप सभ्रवाल को 5 सितंबर 2018 को एक लिखित शिकायत सौंपी थी। जांच में सामने आया कि 9 जनवरी 2018 से 11 फरवरी 2019 के बीच, जमीन के बदले सरकार की ओर से जारी की गई 1 करोड़ 63 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि 5 ऐसे अपात्र लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई, जिनका इस जमीन से कोई लेना-देना नहीं था।

पंजाब में सुरक्षा ठिकानों के पास दो धमाके से दहशत!

हस्ताक्षर मिलने के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा

सरकारी रिकॉर्ड की जांच में पाया गया कि जिन पांच व्यक्तियों के खातों में पैसे भेजे गए उनके नाम सरकारी नोटिफिकेशन में दूर-दूर तक शामिल नहीं थे। इन लोगों की पहचान जसबीर कौर (अमृतसर), राजविंदर कौर (तरनतारन), सरताज सिंह, बिक्रमजीत सिंह (अमृतसर) और गुरजीत कौर के रूप में हुई है।

जब पुलिस ने इन सभी के बैंक खातों की बारीकी से जांच की तो पता चला कि तत्कालीन एसडीएम अनुप्रीत कौर के आधिकारिक हस्ताक्षरों (सिग्नेचर) के बाद ही यह पूरी राशि जारी की गई थी। इसके बाद 5 सितंबर 2019 को थाना सिटी पट्टी में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश रचने की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

“CM मान को कार बम से उड़ाएंगे…” पंजाब में धमकी भरे मेल से मचा हड़कंप

निजी जीवन भी रहा है काफी विवादित

गिरफ्तार की गईं पीसीएस अधिकारी अनुप्रीत कौर रंधावा का निजी जीवन भी विवादों से घिरा रहा है। उन्होंने अपने पति और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी बचित्तर सिंह पर समय-समय पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। साल 2015 में अनुप्रीत ने अपने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था।

इसके बाद साल 2017 में उन्होंने अपने पति को नशे का आदी बताते हुए पुलिस जांच का हवाला दिया था और दावा किया था कि उनके पति के संबंध पाकिस्तान के हेरोइन तस्करों के साथ हैं। फिलहाल, पुलिस इस जमीन घोटाले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Location :  Gurdaspur

Published :  16 May 2026, 3:58 PM IST