पानीपत में खूनी बवाल: शादी में AC बंद होने पर होटल मालिक के बेटे को 20 लोगों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जानें कैसे शुरू हुआ मामला

हरियाणा के पानीपत के होटल सोमाया में मैरिज फंक्शन के दौरान एसी खराब होने पर बवाल हो गया। 15-20 लोगों ने होटल मालिक के बेटे को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। घायल युवक ने कमरे में छिपकर जान बचाई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 27 June 2026, 10:15 AM IST
google-preferred

Panipat: हरियाणा के पानीपत से एक बेहद चौंकाने वाला और वीभत्स मामला सामने आया है, जहाँ महज एक तकनीकी खराबी के चलते बात इतनी बढ़ गई कि जान पर बन आई। इंडस्ट्रीयल एरिया (सेक्टर-25) में स्थित मशहूर 'होटल सोमाया' में शुक्रवार रात को चल रहे एक मैरिज फंक्शन के दौरान एयर कंडीशनर (AC) खराब होने पर मेहमानों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

आक्रोशित लोगों ने होटल मालिक के बेटे को घेरकर थप्पड़, लात और घूंसों की बौछार कर दी। यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें करीब 15 से 20 लोग एक अकेले युवक पर बेरहमी से टूटते हुए नजर आ रहे हैं।

हॉल का AC बंद होने पर अचानक भड़के युवक

घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार को होटल सोमाया में एक शादी का कार्यक्रम चल रहा था। दोपहर के समय हल्दी की रस्म शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और शाम को मुख्य समारोह की तैयारियां जारी थीं। इसी बीच अचानक होटल के मुख्य हॉल के AC में कुछ तकनीकी खराबी आ गई, जिससे कूलिंग बंद हो गई।

होटल का टेक्निकल स्टाफ इस खराबी को दुरुस्त करने की कोशिश कर ही रहा था कि अचानक समारोह में शामिल कुछ युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए सीधे काउंटर पर पहुंच गए। होटल मालिक के बेटे वत्सल सिंगला ने उन्हें समझाने और समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया, लेकिन युवक और ज्यादा उग्र हो गए।

अफसरशाही में बड़ा बदलाव: हरियाणा सरकार ने 7 IAS और 10 HCS बदले, यहां देखें पूरी सूची

लात-घूंसों से हमला कर फाड़ डाली टी-शर्ट

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि देखते ही देखते वत्सल सिंगला को चारों तरफ से हिंसक भीड़ ने घेर लिया। हमलावरों ने उन पर लगातार मुक्के और लातें बरसाना शुरू कर दिया। वत्सल अकेले ही खुद को बचाने और भीड़ के चंगुल से छूटने का प्रयास करते रहे, लेकिन हमलावर रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।

होटल की सुरक्षा में तैनात बाउंसरों ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उग्र भीड़ ने उन्हें भी पीछे धकेल दिया। इस दौरान हमलावरों ने वत्सल की टी-शर्ट तक फाड़ डाली और होटल परिसर में तोड़फोड़ कर दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

लहूलुहान हालत में कमरे के भीतर छिपकर बचाई अपनी जान

इसके बाद होटल के अन्य कर्मचारियों और सेवादारों ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाई। उन्होंने किसी तरह वत्सल सिंगला को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। इस जानलेवा हमले में वत्सल गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हो चुके थे। स्टाफकर्मी उन्हें तुरंत सुरक्षित बचाते हुए अंदर एक कमरे में ले गए और भीतर से कुंडी लगा ली। गुस्साए लोग इसके बाद भी शांत नहीं हुए और काफी देर तक कमरे के बाहर दरवाजा तोड़ने का प्रयास करते हुए हंगामा करते रहे।

हरियाणा में भारी बवाल: हांसी सचिवालय के सामने ग्रामीणों ने फोड़े मटके, तोड़ीं पुलिस बैरिकेडिंग; जानिए क्या हैं मांगें?

दूसरे पक्ष का पलटवार

वहीं, इस पूरे मामले में दूसरा पहलू भी सामने आया है। हमलावर पक्ष (सेक्टर-24 निवासी अनुराग) ने होटल प्रबंधन पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया है। अनुराग का कहना है कि उन्होंने शादी के लिए होटल बुक किया था, लेकिन वहां सुबह से ही एसी काम नहीं कर रहा था। जब उन्होंने इसकी शिकायत की, तो होटल मालिक के बेटे वत्सल ने गाली-गलौज की और बाउंसरों से उन्हें बाहर फिंकवाने तथा हॉल की लाइटें बंद करने की धमकी दी। अनुराग का दावा है कि इसका विरोध करने पर उनके साथ पहले मारपीट की गई थी।

दोनों तरफ से शिकायत दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही चांदनीबाग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर किरण अपनी टीम के साथ डायल 112 की सूचना पर मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल, दोनों ही पक्षों की तरफ से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Panipat

Published :  27 June 2026, 10:15 AM IST

Advertisement