Panchkula School Case: 6 साल की बच्ची पर हमले के बाद सरकार का एक्शन, शिक्षा मंत्री बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई

पंचकूला के सरकारी स्कूल में 8 साल के छात्र पर 6 साल की बच्ची पर हमला करने का आरोप है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा मंत्री महिपाल ढांढा ने जांच कमेटी गठित की है। उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 31 October 2026, 4:04 PM IST

Panchkula: हरियाणा के पंचकूला स्थित एक सरकारी स्कूल में 6 साल की बच्ची पर 8 साल के छात्र द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वीडियो में छात्र को बच्ची पर ईंट से हमला करते हुए देखा गया। मामले को लेकर अब हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांढा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि घटना में जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

8 साल के छात्र ने 6 साल की बच्ची पर किया हमला

यह मामला पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में KG कक्षा में पढ़ने वाली 6 साल की बच्ची पर तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 8 साल के छात्र ने हमला किया। आरोप है कि छात्र ने बच्ची को ईंट से मारा और उसके साथ मारपीट की। घटना इतनी गंभीर थी कि बच्ची को इलाज के लिए चंडीगढ़ PGI में भर्ती कराना पड़ा।

घटना के बाद सामने आए वीडियो ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

वीडियो देख नहीं पा रहे शिक्षा मंत्री, कही ये बात

मामले पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांढा ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में आते ही उन्होंने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए मुख्यालय स्तर की कमेटी गठित कर दी गई है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने घटना का वीडियो भी देखा है, लेकिन उसे देख पाना भी मुश्किल है। उनके मुताबिक, कमेटी को जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Panchkula School News: 8 साल के छात्र ने 6 साल की बच्ची को बेरहमी से पीटा, PGI में चल रहा इलाज

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

महिपाल ढांढा ने साफ कहा कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को गंभीर विषय बताते हुए मामले में जिम्मेदारी तय करने की बात कही।

शिक्षा मंत्री के अनुसार, कमेटी की रिपोर्ट शाम तक या अगले दिन सुबह तक आने की उम्मीद जताई गई थी। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि स्कूल में हुई इस घटना के दौरान किन स्तरों पर लापरवाही हुई और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

 

Location :  Panchkula

Published :  31 October 2026, 4:04 PM IST