रील से रियल तक की भक्ति: सोशल मीडिया से मिला आइडिया, शिवभक्त ने बना डाली फाइबर की अनोखी कांवड़

कांवड़ यात्रा 2026 में गुरुग्राम के शिवभक्तों की फाइबर से बनी अनोखी कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी है। सोशल मीडिया से प्रेरित होकर तैयार की गई यह कांवड़ बारिश में भी सुरक्षित रहती है। श्रद्धालुओं ने बाबा भोले की कृपा और यूपी प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 10:27 AM IST

Haridwar/Gurugram: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में इस बार एक से बढ़कर एक आकर्षक और अनोखी कांवड़ देखने को मिल रही हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर-112 से आए शिवभक्तों की टोली अपनी विशेष फाइबर से बनी कांवड़ को लेकर चर्चा में है। पिछले वर्ष राम मंदिर थीम की थर्माकोल कांवड़ बनाने के बाद इस बार टोली ने बारिश से बचाव और मजबूती को ध्यान में रखते हुए फाइबर से आकर्षक कांवड़ तैयार कराई है। शिवभक्तों का कहना है कि यह सब बाबा भोले की कृपा है और उनकी यात्रा पूरी तरह श्रद्धा और सेवा का प्रतीक है।

सोशल मीडिया से मिला अनोखी कांवड़ बनाने का विचार

गुरुग्राम सेक्टर-112 से आई करीब 20 से 22 शिवभक्तों की टोली हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही है। टोली का कहना है कि सोशल मीडिया पर लगातार अलग-अलग तरह की कांवड़ देखने के बाद उन्होंने भी कुछ अलग बनाने का निर्णय लिया।

Kanwar Yatra Security: सावन में परिंदे भी न मार सकें पर, देवरिया SP ने सुरक्षा चक्र मजबूत करने के लिए खुद संभाली कमान

शिवभक्तों के अनुसार पिछले साल उनकी राम मंदिर थीम वाली कांवड़ थर्माकोल से बनी थी, जिससे बारिश के दौरान काफी परेशानी हुई थी। इस बार पूरी कांवड़ फाइबर से तैयार कराई गई है, जिससे बारिश का असर नहीं होगा और कांवड़ अधिक मजबूत रहेगी।

10 से 12 दिनों की यात्रा

श्रद्धालुओं का कहना है कि उनकी यात्रा लगभग 10 से 12 दिनों की होती है। उन्होंने एक अगस्त को हरिद्वार से गंगाजल उठाया था और 9 या 10 अगस्त तक अपने गांव बझेड़ा पहुंचेंगे। इसके बाद 11 अगस्त को भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

Kanwar Yatra 2026: 29 जुलाई से इस एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद, बदलेगा पूरा ट्रैफिक सिस्टम

 

'कोई निजी इच्छा नहीं, सबके सुख-शांति की कामना'

शिवभक्तों ने बताया कि उनकी कोई व्यक्तिगत मनोकामना नहीं है। वे केवल बाबा भोले से सभी के घरों में सुख-शांति और खुशहाली की कामना करते हैं। उनका कहना है कि खर्च की चिंता नहीं, सब कुछ बाबा भोले की इच्छा से ही होता है।

यूपी सरकार और पुलिस व्यवस्था की सराहना

श्रद्धालुओं ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी सराहना करते हुए कहा कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला है। उनका कहना है कि जब तक बाबा भोले की कृपा रहेगी, वे हर वर्ष इसी श्रद्धा के साथ कांवड़ यात्रा करते रहेंगे।

Location :  Gurugram

Published :  6 August 2026, 10:27 AM IST