
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Jalandhar: पंजाब के जालंधर शहर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शहर के बेहद मशहूर और रसूखदार एडवोकेट अमित बजाज के न्यू जवाहर नगर स्थित आवास पर छापेमारी की है। मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे ईडी की टीमें केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ एडवोकेट बजाज के घर पहुंचीं और अचानक कार्रवाई शुरू कर दी।
अमित बजाज जालंधर और पंजाब के कानूनी गलियारों में इनकम टैक्स, गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) और वैट (VAT) के मामलों के जाने-माने विशेषज्ञ वकील माने जाते हैं।
शुरुआती जांच और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एडवोकेट अमित बजाज शहर के कई नामी उद्योगपतियों, बड़े व्यापारियों और पूंजीपतियों के टैक्स संबंधी कानूनी और वित्तीय मामले देखते हैं। ईडी को संदेह है कि इन पूंजीपतियों और कारोबारियों द्वारा किए गए भारी-भरकम निवेश (Investment) और टैक्स रिटर्न में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी और हेरफेर की गई है। इसी टैक्स चोरी और बेनामी निवेश के कड़ियों को जोड़ने के लिए केंद्रीय एजेंसी ने सीधे उनके कानूनी सलाहकार के ठिकाने पर दबिश दी है।
पंजाब में भीषण सड़क हादसा: फिरोजपुर में ट्राले और पिकअप की टक्कर में 8 लोगों की मौके पर ही मौत
फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय की कई टीमें एडवोकेट अमित बजाज के घर के भीतर मौजूद हैं। घर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को बंद कर दिया गया है और किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं है।
ईडी के अधिकारी एडवोकेट बजाज के दफ्तर और घर से मिले कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लैपटॉप, बैंक खातों की पासबुक और टैक्स से जुड़े महत्वपूर्ण फाइलों व दस्तावेजों को बारीकी से खंगाल रहे हैं। सुबह-सुबह हुई इस अचानक कार्रवाई के बाद से जालंधर के बड़े उद्योगपतियों, कारोबारियों और वकीलों के बीच भारी हड़कंप और घबराहट का माहौल देखा जा रहा है।
Location : Jalandhar
Published : 9 June 2026, 9:32 AM IST