
अखिलेश यादव और राहुल गांधी (IMG: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की सियासत में गठबंधन की आड़ में सीटों को लेकर अंदरखाने घमासान मचा हुआ है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच चुनावी सीट बंटवारे की बातचीत अब ऐसी स्थिति में पहुंच गई है, जहां दोनों दलों के बीच टकराव खुलकर सामने आने लगा है। एक तरफ अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव लेकर बैठी है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने 67 सीटों को अपनी लक्ष्मण रेखा घोषित कर दिया है।
समाजवादी पार्टी सार्वजनिक तौर पर कांग्रेस को 26 सीटें देने की बात कर रही है, लेकिन पार्टी के भीतर सीटों को लेकर एक दूसरी रणनीति भी तैयार है। सूत्रों के मुताबिक, सपा ने 52 सीटों की एक अलग सूची बना रखी है। यानी बातचीत के दौरान जरूरत पड़ने पर पार्टी 26 सीटों से आगे बढ़ सकती है, लेकिन उसकी अधिकतम सीमा 52 सीटों तक ही रहने वाली है।
समाजवादी पार्टी की 26 सीटों वाली पेशकश के पीछे 2022 के विधानसभा चुनाव का गणित है। उस चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 399 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन जीत सिर्फ दो सीटों पर मिली थी। पार्टी को करीब 2.33 फीसदी वोट मिले थे और उसके 387 उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए थे। सपा इसी प्रदर्शन को आधार बनाकर कांग्रेस की सीटों की मांग को सीमित करना चाहती है। रामगोपाल यादव का भी तर्क है कि गठबंधन में ऐसी सीटें नहीं दी जा सकतीं, जहां संबंधित पार्टी लगातार कमजोर प्रदर्शन करती रही हो।
दूसरी तरफ कांग्रेस भी इस बार दबाव में आकर समझौता करने के मूड में नहीं दिख रही है। पार्टी ने मंगलवार को दिल्ली में हुई बैठक के दौरान अपनी अंतिम सूची समाजवादी पार्टी को सौंप दी। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने 67 सीटों को अपनी प्राथमिकता में रखा है और साफ कर दिया है कि इन सीटों पर कोई समझौता नहीं होगा। कांग्रेस की इस सूची में 46 सीटें ए श्रेणी में और 21 सीटें बी श्रेणी में रखी गई हैं। यानी कुल 67 सीटें ऐसी हैं, जिन्हें पार्टी अपने राजनीतिक अस्तित्व और भविष्य की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है।
कांग्रेस की 67 सीटों वाली सूची में सबसे अहम भूमिका अमेठी और रायबरेली की है। इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों को गांधी परिवार का राजनीतिक गढ़ माना जाता है। कांग्रेस यहां विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी कमजोर नहीं करना चाहती। इसके अलावा सहारनपुर भी कांग्रेस की प्राथमिकता में शामिल है। यहां से पार्टी नेता इमरान मसूद का राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। कांग्रेस ने इन तीनों क्षेत्रों की विधानसभा सीटों को लेकर अपना दावा मजबूत किया है।
कांग्रेस की मांग को लेकर भी पिछले कुछ समय में बदलाव देखने को मिला है। पार्टी की शुरुआती मांग 181 सीटों के आसपास बताई जा रही थी। बाद में यह संख्या घटकर 130 और फिर 120 तक पहुंची। कांग्रेस अब 2022 के विधानसभा चुनाव के बजाय 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को अपना आधार बना रही है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करके 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह सीटों पर जीत हासिल की थी।
दिल्ली में करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि सभी सीटों पर अच्छे माहौल में चर्चा हुई है। उत्तर प्रदेश में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं और इतनी बड़ी संख्या में सभी सीटों पर एक साथ विस्तार से चर्चा करना आसान नहीं है।
फिलहाल सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का गणित 52 बनाम 67 पर अटका हुआ है। एक तरफ सपा अपनी चुनावी हैसियत के आधार पर सीटें बांटना चाहती है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस सम्मानजनक हिस्सेदारी को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है। अब आगे की बातचीत शीर्ष स्तर पर होने की संभावना है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिलेश यादव के बीच होने वाली बातचीत ही इस पूरे विवाद का अंतिम रास्ता निकाल सकती है।
Location : Lucknow
Published : 25 November 2026, 1:18 PM IST