मुजफ्फरनगर में सपा सांसद हाउस अरेस्ट, प्रतिनिधिमंडल के सहारनपुर दौरे से पहले बढ़ी सियासी हलचल

मुजफ्फरनगर में सपा सांसद हरेंद्र मलिक को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण मामले को लेकर सपा का 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दौरे पर जाने वाला है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 September 2026, 12:48 PM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर से समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक को हाउस अरेस्ट किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उन्हें सहारनपुर जाने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई है। खास बात यह है कि सपा का 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज सहारनपुर पहुंचने वाला है।

मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले को लेकर दौरा

दरअसल, सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी ने मौके का जायजा लेने का फैसला किया है। पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाएगा। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त से मुलाकात कर मामले को लेकर बातचीत भी करेगा।

ये भी पढ़ें- जब तक नहीं मिलेगा हक, तब तक जारी रहेगा संघर्ष: सोनम वांगचुक की चेतावनी से दिल्ली से लेकर लेह तक सियासी भूचाल

इसी दौरे में सांसद हरेंद्र मलिक को भी शामिल होना था। बताया जा रहा है कि वह प्रतिनिधिमंडल के साथ सहारनपुर जाकर मौके की स्थिति देखना चाहते थे। हालांकि, दौरे से पहले ही उन्हें हाउस अरेस्ट किए जाने की खबर सामने आई है।

कल से ही घर में नजरबंद होने का दावा

मिली जानकारी के मुताबिक, हरेंद्र मलिक को कथित तौर पर कल से ही हाउस अरेस्ट किया गया है। इस कार्रवाई के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सपा सांसद को सहारनपुर जाने से रोकने के फैसले को लेकर पार्टी की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर भी नजर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड: एक लाख के इनामी साजिशकर्ता भोलू शाहपुरिया की तलाश में दिल्ली-हरियाणा तक ताबड़तोड़ छापेमारी

अब सहारनपुर दौरे पर सबकी नजर

सबसे बड़ा सवाल यही है कि हरेंद्र मलिक की गैरमौजूदगी के बावजूद सपा का 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर पहुंचता है या नहीं। प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रम में कोई बदलाव होता है या पार्टी अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक आगे बढ़ती है। फिलहाल सांसद के हाउस अरेस्ट की खबर ने मुजफ्फरनगर से लेकर सहारनपुर तक राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  7 September 2026, 12:48 PM IST