हिंदी
NIA के खुलासे से हड़कंप (Img: Google)
Lucknow: लखनऊ में विधानभवन समेत कई अहम सरकारी और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाकर सिलसिलेवार आतंकी हमलों की साजिश रचने का बड़ा खुलासा हुआ है। लालकिला के पास हुए कार बम विस्फोट मामले की जांच के दौरान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को ऐसे अहम इनपुट मिले हैं, जिनसे लखनऊ में भी बड़े हमले की योजना का पता चला है।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने लखनऊ के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों की रेकी की थी। इनमें विधानभवन, बापू भवन, बड़ा इमामबाड़ा, लालबाग और अमीनाबाद जैसे इलाके शामिल हैं। इन स्थानों को टारगेट कर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दहशत फैलाने की योजना बनाई गई थी।
सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी डॉ. मुजम्मिल शकील और डॉ. शाहीन सईद 25 से 30 अगस्त 2025 के बीच फरीदाबाद से लखनऊ पहुंचे थे। दोनों एक रिश्तेदार के घर रुके और इसी दौरान शहर के विभिन्न इलाकों की रेकी की गई।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी लखनऊ में एक ऐसे सुनसान स्थान की तलाश में थे, जहां वे विस्फोटक सामग्री तैयार कर सकें और अपनी गतिविधियों को अंजाम दे सकें। यह साजिश बेहद सुनियोजित और चरणबद्ध तरीके से तैयार की गई थी।
NIA ने इस मामले में 7,500 पेज की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें लखनऊ में संभावित आतंकी हमलों की पूरी योजना का उल्लेख है। एजेंसी अब आरोपियों के नेटवर्क और उनके सहयोगियों की गहन जांच कर रही है।
Location : Lucknow
Published : 26 May 2026, 11:15 AM IST
Topics : Investigation Lucknow NIA SecurityAlert TerrorPlot