हिंदी
योगी आदित्यनाथ और विनोद तावड़े (Img: X)
Lucknow: देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में भाजपा ने चुनावी तैयारियों को रफ्तार देना शुरू कर दिया है। विनोद तावड़े की नियुक्ति के साथ पार्टी ने राष्ट्रीय सचिव जगदीश ईश्वर भाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया है। वैजयंत पांडा के बाद लंबे समय से खाली पड़े इस पद पर तावड़े का आना बेहद अहम माना जा रहा है।
अघोषित रूप से यूपी की कमान संभाल रहे तावड़े के पास संगठन का लंबा अनुभव है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि तावड़े की कुशल सांगठनिक रणनीति और सीएम योगी का जनाधार मिलकर चुनाव में जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करेंगे।
यह भी पढ़ें: Lucknow Cyber Crime: 122 पकड़े, 119 जेल भेजे… बाकी 3 कहां गए? पुलिस के खेल का हाईकोर्ट ने खोला राज
विनोद तावड़े का राजनीतिक सफर काफी समृद्ध रहा है। वे छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और एबीवीपी (ABVP) के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। महाराष्ट्र भाजपा में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहने के साथ-साथ वे फडणवीस सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।
इसके अलावा, वे बिहार, हरियाणा और केरल जैसे राज्यों में पार्टी प्रभारी के रूप में अपनी मजबूत सांगठनिक क्षमताओं को साबित कर चुके हैं। इसी गहरे अनुभव को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य की कमान सौंपी है।
यह भी पढ़ें: Lucknow Crime: सहेली के घर से लौट रही थी 15 साल की किशोरी, रास्ते में रुकी कार और फिर जो हुआ उसने सबको झकझोर दिया
यूपी के नए प्रभारी के रूप में विनोद तावड़े के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं। 403 सीटों वाले इस राज्य में केवल चुनावी जनसभाएं ही जीत का आधार नहीं बन सकतीं। तावड़े के सामने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना, सटीक टिकट बंटवारा, जटिल जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों को साधना और सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल बनाना मुख्य लक्ष्य होंगे।
पार्टी के भीतर किसी भी तरह के आंतरिक असंतोष को शांत करते हुए 2027 में दोबारा सरकार बनाना और फिर 2029 के आम चुनाव में अधिकतम सीटें जीतना तावड़े की सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा होगी।
Location : Lucknow
Published : 19 August 2026, 12:24 PM IST
Topics : UP Political News Vinod Tawde Yogi Adityanath