UP Assembly Election: बसपा प्रमुख मायावती ने Gen Z को साधने के लिए खेला नया दांव

Mayawati ने Gen Z और Gen Alpha की रोजगार समेत समस्याओं पर चिंता जताई है। उन्होंने जंतर-मंतर आंदोलन के राजनीतिक रंग लेने पर सवाल उठाते हुए BSP कार्यकर्ताओं को धरना-प्रदर्शन से दूर रहने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों से मिलकर युवाओं की समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान कराने और चुनावी तैयारी पर ध्यान देने को कहा।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 6 September 2026, 11:40 AM IST

Lucknow: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने जेन-जी और जेन-अल्फा के सामने मौजूद रोजगार समेत अन्य समस्याओं को लेकर चिंता जताई है। हालांकि, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को किसी भी तरह के धरना, प्रदर्शन या आंदोलन में शामिल होने से दूर रहने का निर्देश दिया है। मायावती का कहना है कि युवाओं और छात्रों की जायज मांगों के समाधान के लिए बसपा हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी, लेकिन आंदोलन का राजनीतिक रंग लेना चिंता का विषय है।

जेन-जी आंदोलन के राजनीतिक रंग पर सवाल

मायावती ने अपने बयान में कहा कि देश में ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं, जिनसे यह धारणा बन रही है कि युवाओं और बेरोजगारों की समस्याओं को लेकर शुरू हुए आंदोलन अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रभाव में आ गए हैं। इससे आंदोलन की स्वतंत्रता को लेकर युवाओं और छात्रों के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने जेन-जी के जंतर-मंतर आंदोलन का भी जिक्र किया। मायावती के मुताबिक, आंदोलन के दौरान युवाओं और छात्रों को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए थे, लेकिन अब इसके स्वतंत्र स्वरूप को लेकर शंकाएं पैदा हो रही हैं।

अधिकारियों से मिलेंगे बसपा कार्यकर्ता

मायावती ने अपने सभी राज्य संगठनों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों से मुलाकात करें और जेन-जी व जेन-अल्फा से जुड़ी समस्याओं के शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि युवाओं की जायज समस्याओं के समाधान के लिए बसपा अपना सहयोग जारी रखेगी। हालांकि, पार्टी कार्यकर्ताओं को सीधे आंदोलन का हिस्सा बनने से दूर रहने को कहा गया है।

चुनाव की तैयारी पर फोकस करने की अपील

मायावती ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी तन, मन और धन की शक्ति तथा ऊर्जा को चुनाव के लिए सुरक्षित रखें। उनका लक्ष्य चुनाव के माध्यम से ऐसी सरकार बनाना है, जो बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को साकार करते हुए 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' की भावना से काम करे।

मायावती ने उत्तर प्रदेश में बसपा की चार बार रही सरकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक हित और जनकल्याण से जुड़ी नीतियों को उनकी पार्टी ने अपने शासनकाल में लागू करके दिखाया है। उनका कहना है कि सत्ता में आने पर जेन-जी और जेन-अल्फा समेत सर्वसमाज की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सकता है।

संजय आजाद प्रकरण पर सख्त कार्रवाई की मांग

मायावती ने जेन-जी के जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने समय रहते उचित कार्रवाई की होती तो संजय आजाद जैसी गंभीर घटना नहीं होती।

उन्होंने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे मामलों में बसपा भी पीछे नहीं रहेगी।

Location :  Lucknow

Published :  6 September 2026, 11:40 AM IST