“अभी आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी देना ठीक नहीं”, मायावती के फैसले से BSP में फिर मचा सियासी घमासान

मायावती ने आकाश आनंद को लेकर एक बार फिर ऐसा फैसला लिया है, जिसने बसपा की अंदरूनी राजनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लखनऊ की अहम बैठक में उन्होंने आकाश की राजनीतिक परिपक्वता को लेकर अपनी बात साफ रखी और बड़ी जिम्मेदारी से दूरी बनाए रखी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 September 2026, 2:38 PM IST

Lucknow: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की राजनीतिक भूमिका को लेकर एक बार फिर बड़ा फैसला लिया है। 3 सितंबर को लखनऊ में हुई पार्टी की ऑल इंडिया बैठक में मायावती ने साफ कहा कि आकाश आनंद को फिलहाल कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। उनके मुताबिक आकाश को अभी राजनीति में और परिपक्व होने की जरूरत है।

आकाश आनंद को लेकर मायावती का साफ संदेश

बैठक में मायावती ने आकाश आनंद को लेकर कहा कि उन्हें पार्टी में काम करने की अनुमति है, लेकिन अभी उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी देना उचित नहीं होगा। मायावती के इस बयान के बाद आकाश आनंद की पार्टी में मौजूदा भूमिका को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह है कि आकाश को कुछ समय पहले ही यूपी की चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका में देखा गया था।

ये भी पढ़ें- 2027 में पूर्वांचल से मिलेगी प्रचंड जीत! जानिए देवरिया में सपा नेता ने क्यों कहा- बनेगी बहुमत की सरकार

अहम बैठक से भी रहे दूर

मायावती की इस बैठक में आकाश आनंद मौजूद नहीं थे। ऐसे समय में जब बसपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी है, पार्टी के युवा चेहरे को बड़ी जिम्मेदारी से दूर रखने का फैसला राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है। आकाश की भूमिका को लेकर पहले भी पार्टी के भीतर कई बार बदलाव देखने को मिले हैं।

मायावती का मानना ​​है कि विरोधी पार्टियों की चालों, जैसे सुलह-सफाई, रिश्वत, सजा और फूट डालने की कोशिशों से पार्टी को चुनावी नुकसान से बचाने के लिए आकाश आनंद को अभी और परिपक्व होने की जरूरत है। इस बीच, आकाश आनंद ने अपना X प्रोफाइल भी अपडेट किया है; अब वे खुद को 'राष्ट्रीय संयोजक' के बजाय 'BSP कार्यकर्ता' बता रहे हैं।

ये भी पढ़ें- मोदी के स्वदेश लौटने के बाद भी नहीं हुई कैबिनेट की बैठक, क्या अब 6,7 सितम्बर को होगा मंत्रिमंडल में फेरबदल!

अकेले चुनाव लड़ेगी BSP

बैठक में मायावती ने सिर्फ आकाश आनंद को लेकर ही बड़ा फैसला नहीं लिया। उन्होंने पार्टी की चुनावी रणनीति भी साफ कर दी। मायावती ने कहा कि बसपा देश में होने वाले छोटे-बड़े चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। यानी आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में भी पार्टी किसी गठबंधन के सहारे मैदान में उतरने के बजाय अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी करेगी।

कार्यकर्ताओं को भी दिया सख्त संदेश

मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और पूरी ईमानदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों और संगठन की स्थिति पर भी चर्चा हुई।

Location :  Lucknow

Published :  3 September 2026, 2:38 PM IST