बिहार के मंत्रियों के भरोसे जदयू की नैया! यूपी विधानसभा चुनाव में ‘नीतीश मॉडल’ का प्रचार करेंगे राजनीतिक दल

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बिहार सरकार के मंत्री और पार्टी के दिग्गज नेता जल्द ही उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। जेडीयू राज्य में बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार कर पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।

Updated : 19 July 2026, 12:26 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी गोटियां बिछानी शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जनता दल (यूनाइटेड) यानी जदयू ने भी सूबे में अपनी राजनीतिक जमीन को मजबूत करने के लिए कमर कस ली है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी दमदारी और संगठनात्मक शक्ति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। उत्तर प्रदेश के इस सियासी रण में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए जल्द ही पड़ोसी राज्य बिहार के कई वरिष्ठ नेता और नीतीश सरकार के मंत्री यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा करेंगे।

चार स्तरों पर होंगे बड़े सम्मेलन

लखनऊ के सहकारिता भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जदयू के उत्तर प्रदेश प्रभारी और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने पार्टी की भावी योजनाओं का खाका खींचा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि साल 2027 के चुनावी लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी जमीनी स्तर पर व्यापक अभियान चलाएगी। इसके तहत उत्तर प्रदेश में चार अलग-अलग स्तरों पर सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। पार्टी सबसे पहले जिला, मंडल और विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए सम्मेलन करेगी, जिसके बाद एक भव्य राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें-BRD मेडिकल कॉलेज के बाहर मरीजों का ‘खेल’ पकड़ में आया! रातों-रात 18 एम्बुलेंस पर पुलिस का बड़ा एक्शन

नेताओं का दौरा और जनसंपर्क अभियान

प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने स्पष्ट किया कि सम्मेलनों के इस सिलसिले के साथ-साथ पार्टी के शीर्ष व वरिष्ठ नेताओं के अलावा बिहार सरकार के मंत्रियों के भी व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम होंगे। ये नेता उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों का सघन दौरा करेंगे और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे।

फेसबुक-इंस्टाग्राम की एक रिक्वेस्ट से खाली करता था बैंक अकांउट, खुला ठगी का बड़ा राज

बूथ स्तर तक होगा संगठन का विस्तार

इस मौके पर जनता दल (यूनाइटेड) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने भी संगठन की रणनीति को साझा किया। उन्होंने कहा कि चुनावी तैयारियों के अंतर्गत पार्टी सभी जिलों और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों से संभावित व चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों के नामों की सूची मांगेगी। इसके साथ ही पार्टी का मुख्य फोकस संगठन को निचले स्तर तक ले जाना है, जिसके लिए जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक संगठन का तेजी से विस्तार किया जाएगा।

Location :  Lucknow

Published :  19 July 2026, 12:26 PM IST

Related News

Advertisement