Hathras: ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 11,190 नए वोटरों को मिला मौका; जानें पूरा आंकड़ा

विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के बीच भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार को जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 November 2026, 3:48 PM IST

Hathras: विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के बीच भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार को जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर जारी सूची में कुल 10,54,576 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 5,75,759 पुरुष, 4,78,800 महिलाएं और 17 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। पुरुषों की संख्या महिलाओं से 96,959 अधिक है।

पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतदाता सूची का प्रकाशन किया और उन्हें सूची उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 11,190 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए हैं। राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई, ताकि मतदाता सूची को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 1,379 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आलेख्य मतदाता सूची का वाचन किया गया है। 17 से 20 नवंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे और नाम, पता, उम्र सहित अन्य विवरणों में संभावित त्रुटियों को चिह्नित करेंगे। इसके बाद 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन चारों दिनों में सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे।

विशेष अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे। वहीं सूची में दर्ज नाम या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा अपात्र प्रविष्टियों पर आपत्ति एवं नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 भरा जा सकेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल नया नाम जुड़वाने पर ही ध्यान न दें, बल्कि पहले से दर्ज अपना नाम और विवरण भी अवश्य जांच लें।

हाथरस में हर पिता का सपना होगा पूरा, बेटी की शादी में खर्चे की चिंता होगी दूर

वेबसाइट और हेल्पलाइन से भी मिलेगी जानकारी

आम नागरिकों की सुविधा के लिए आलेख्य मतदाता सूची जिला निर्वाचन अधिकारी, हाथरस की आधिकारिक वेबसाइट https://hathras.nic.in/deo-hathras/ पर उपलब्ध रहेगी। मतदाता घर बैठे सूची में अपना नाम और विवरण देख सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन संबंधी जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर संचालित किया जा रहा है। नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 और दूरभाष नंबर 05722-297083 पर संपर्क कर सकते हैं। यहां मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम विलोपन, संशोधन, बीएलओ, मतदान केंद्र और मतदाता पहचान पत्र से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को देखते हुए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथियों में पुनरीक्षण अभियान में भाग लेकर अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराने की अपील की।

कानपुर के नए कमिश्नर ने संभाली कमान, बोले- शासन की योजनाओं को जमीन पर उतारना पहली प्राथमिकता

बैठक में ये सभी अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह कुशवाह, जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा एडवोकेट, सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, अपना दल (एस) के जिला उपाध्यक्ष केडी शर्मा, सादाबाद के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बनी सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Hathras

Published :  17 November 2026, 3:48 PM IST