
समाजवादी पार्टी पूर्व जिलाअध्यक्ष बिट्टू यादव (Img: Dynamite News)
Hamirpur: हमीरपुर जिले में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता गले में जंजीर डालकर और हाथ बांधकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर कई अहम मांगें उठाईं।
सपा नेताओं का कहना है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, घायल छात्रों का मुफ्त इलाज कराया जाए और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की भी मांग की।
ये भी पढ़ें- लोकतंत्र पर पहरा है! दिल्ली की कार्रवाई का असर बदायूं तक, पुलिस की निगरानी में सपा नेता
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है और सरकार को इस पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष बिट्टू यादव ने कहा कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो समाजवादी पार्टी प्रदेशभर में इससे भी बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से छात्रों और युवाओं की आवाज उठाती रहेगी और पीछे नहीं हटेगी।
Location : Hamirpur
Published : 22 July 2026, 3:50 PM IST