नगर पालिका की कार्रवाई पर उठे सवाल, PWD-स्टेडियम की जमीन पर नीलामी से लेकर पेड़ कटान; सपा नेता ने डीएम को सौंपा पत्र

हमीरपुर में PWD और स्टेडियम की जमीन को लेकर नगर पालिका की कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। सपा नेता युगांक मिश्रा ने जिलाधिकारी से शिकायत कर टिन के डिब्बों की नीलामी, पेड़ कटान और दुकानदारों को हटाने के मामले में जांच की मांग की है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 11 September 2026, 7:32 PM IST

Hamirpur: हमीरपुर में नगर पालिका की कथित कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी युगांक मिश्रा ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर PWD और स्टेडियम की जमीन से जुड़े कई मुद्दों की जांच कराने की मांग की है।

शिकायत में टिन के डिब्बों की कथित नियमविरुद्ध नीलामी, पेड़ों के कटान और रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को हटाए जाने का मामला उठाया गया है।

क्या बोले सपा नेता?

युगांक मिश्रा का कहना है कि अगर संबंधित जमीन नगर पालिका के स्वामित्व में नहीं है तो वहां रखे टिन के डिब्बों की नीलामी किस अधिकार के तहत की जा रही है। उन्होंने नीलामी प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से निरस्त या स्थगित करने की मांग की है।

स्टेडियम के आसपास दुकानदारों को हटाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक हमीरपुर के खेल स्टेडियम और फुटबॉल मैदान के आसपास लंबे समय से फल, सब्जी और अन्य छोटे दुकानदार अपनी दुकानें लगाकर रोजी-रोटी चला रहे हैं। आरोप है कि नगर पालिका की कार्रवाई के तहत इन दुकानदारों को वहां से हटाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Gonda News: फोन पर अखिलेश, सड़क पर संजय निषाद; गोंडा में दोहरे हत्याकांड के बाद मचा राजनीतिक भूचाल!

सपा नेता ने कहा कि अगर दुकानदारों को हटाया जाता है तो उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जानी चाहिए। उन्होंने Street Vendors Act के तहत रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को उचित स्थान या नजदीकी वेंडिंग जोन में न्यूनतम दर पर पुनर्वास देने की मांग की है।

पेड़ों के कटान और लकड़ी गायब होने की भी शिकायत

शिकायती पत्र में बिना अनुमति पेड़ों के कटान का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पेड़ों की कटाई के बाद लकड़ी के गायब होने के मामले की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने वन विभाग से पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें- पहले जान का खतरा बताया, फिर चाकू से कर दी हत्या! भलुअनी में शव रखकर सड़क जाम, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

प्रशासन से पूरे मामले की जांच की मांग

युगांक मिश्रा ने जिलाधिकारी से नगर पालिका की कार्रवाई और जमीन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जमीन नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती है तो वहां नीलामी या अन्य कार्रवाई किस आधार पर की जा रही है, यह स्पष्ट होना चाहिए।

मामले को लेकर सपा जिलाध्यक्ष इर्देश खान ने भी शिकायत का समर्थन किया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या जांच कराता है और PWD, स्टेडियम की जमीन, नीलामी, पेड़ कटान और दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

Location :  Hamirpur

Published :  11 September 2026, 7:32 PM IST