
बिजली कटौती और महंगाई पर सपा का प्रदर्शन
Etawah: उत्तर प्रदेश के इटावा में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने बढ़ती महंगाई और अघोषित बिजली कटौती को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू’ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने जिलाधिकारी को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और भीषण गर्मी में हो रही बिजली कटौती को लेकर सरकार को घेरा। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि आम जनता महंगाई और बिजली संकट से परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही।
सपा जिलाध्यक्ष Pradeep Shakya ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ का नारा अब पूरी तरह खोखला साबित हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार जनता को गुमराह कर रही है और महंगाई बढ़ाकर गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ने का काम कर रही है। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
प्रदीप शाक्य ने कहा कि गांव और शहर दोनों इलाकों में लंबे समय तक अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इससे लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी। पार्टी कार्यकर्ता आम लोगों की आवाज बनकर सरकार तक उनकी समस्याएं पहुंचाने का काम करेंगे।
इटावा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी इटावा जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में Akhilesh Yadav को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। सपा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान अखिलेश यादव के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक Raghvendra Gautam ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। नौकरी की तैयारी कर रहे छात्र लगातार परेशान हैं और सरकार उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। राघवेंद्र गौतम ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने जनता का उत्पीड़न बंद नहीं किया तो समाजवादी पार्टी और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी।
समाजवादी पार्टी ने ज्ञापन के जरिए राज्यपाल से कई मांगें रखीं। पार्टी ने मांग की कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए। इसके अलावा प्रदेश में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाकर लोगों को राहत देने की मांग भी की गई। सपा नेताओं ने कहा कि सरकार को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए।
Mainpuri News: फोन पर बात करने से किया मना, दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट और अभद्रता
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर जिला महासचिव वीरभान सिंह भदौरिया, प्रदेश सचिव गोपाल यादव, पूर्व प्रत्याशी सर्वेश शाक्य, हाजी शमीम अहमद, उदयभान सिंह, लाखन सिंह जाटव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव यादव, पूर्व चेयरमैन कुलदीप गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Etawah
Published : 22 May 2026, 5:07 PM IST