देवरिया में रामाशीष राय का बड़ा बयान, ‘जयप्रकाश नारायण विचार संदेश यात्रा’ 18 नवंबर से

भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी रामाशीष राय ने कहा कि उनकी पार्टी देश की राजनीति में आमूल-चूल परिवर्तन और राजनीतिक सुधार के संकल्प के साथ गठित की गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 November 2026, 4:53 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी रामाशीष राय ने कहा कि उनकी पार्टी देश की राजनीति में आमूल-चूल परिवर्तन और राजनीतिक सुधार के संकल्प के साथ गठित की गई है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की संपूर्ण क्रांति और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की शुचिता की राजनीति पार्टी का वैचारिक आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राजनीति पर बड़े देशी-विदेशी कॉर्पोरेट घरानों का प्रभाव बढ़ रहा है, जिसके चलते महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं गंभीर होती जा रही हैं।

प्रेस वार्ता में रामाशीष राय ने घोषणा की कि आगामी 18 नवंबर को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मभूमि सिताब दियारा से ‘जयप्रकाश नारायण विचार संदेश यात्रा’ का शुभारंभ किया जाएगा। यह यात्रा पूर्वांचल के गांव-गांव पहुंचेगी। इस दौरान गोष्ठियों के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और संपूर्ण क्रांति के विचारों पर चर्चा की जाएगी।

प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में महंगाई कम करने और प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन उनके अनुसार ये वादे पूरे नहीं हुए। सरकारी विभागों में लाखों पद रिक्त होने के बावजूद स्थायी नियुक्तियों के स्थान पर आउटसोर्सिंग, ठेका और संविदा व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे युवाओं के भविष्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ये भी पढ़े: देवरिया में दर्दनाक हादसा; ताल में मिला 6 साल के मासूम का शव, दादा और दूसरा नाती लापता

किसानों की आर्थिक स्थिति होगी मजबूत

किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया गया था, लेकिन आज किसानों को अपनी फसल की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। पूर्वांचल के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू कराने और गन्ने का मूल्य लागत को ध्यान में रखते हुए 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की।

उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, सीमाओं की सुरक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की स्थिति को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करना आज सबसे बड़ी जरूरत है।

भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी (Image Source: Pinterest)

कॉर्पोरेट घरानों के प्रभाव में चल रही सरकार

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए रामाशीष राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब पहले जैसी राजनीतिक पार्टी नहीं रह गई है। उनका आरोप है कि सरकार की नीतियों पर बड़े कॉर्पोरेट घरानों का प्रभाव है। इसी कारण उनका सरकार से मोहभंग हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए उनकी पार्टी अलग राजनीतिक रास्ते पर आगे बढ़ रही है।

गोरख में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर राजनीतिक दलों को तोड़ने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के आरोप लग रहे हैं, उनका लोकतंत्र बचाने की बात करना हास्यास्पद है।

ये भी पढ़े: देवरिया : दीपावली पर पटाखों की दुकानों को लेकर प्रशासन सख्त, सुरक्षा में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

रोजगार और पलायन के लिए सरकार की नीतियों को ठहराया जिम्मेदार

प्रदेश से युवाओं के पलायन और रोजगार के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में रिक्त पद होने के बावजूद नियमित भर्तियां नहीं की जा रही हैं। प्राथमिक विद्यालयों, अस्पतालों, ब्लॉकों और तहसीलों में कर्मचारियों की कमी है। रेलवे में कर्मचारियों की संख्या घटने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि स्थायी रोजगार के अवसर कम होने से बेरोजगारी और पलायन बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था के माध्यम से युवाओं को स्थायी रोजगार से वंचित किया जा रहा है।

चुनावी गठबंधन पर दिया बड़ा संकेत

आगामी चुनाव में कितनी सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर रामाशीष राय ने कहा कि मौजूदा समय में सीटों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण लोकतंत्र और संविधान की रक्षा है। चुनाव के समय परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।

विपक्षी दलों के साथ जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रहा है और उनकी पार्टी भी इसी उद्देश्य से संघर्ष कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे पर समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर आगे बढ़ने की संभावना है।

Location :  Deoria

Published :  7 November 2026, 4:53 PM IST