
कॉकरोच जनता पार्टी (Img- Internet)
New Delhi: इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा बटोर रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले अपने बड़े प्रदर्शन से पहले एक बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। पार्टी ने आधिकारिक तौर पर अपने तीन प्रवक्ताओं के नामों की घोषणा की है। पार्टी के ऑफिशियल एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट 'कॉकरोच इज बैक' से किए गए एक ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी गई है।
पार्टी का कहना है कि ये तीनों प्रवक्ता आंदोलन की ओर से जनता और मीडिया के सामने अपनी बात प्रखरता से रखेंगे। CJP का दावा है कि वे भारत की मौजूदा राजनीतिक बहस को पूरी तरह बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस काम को देश की नई पीढ़ी के युवा नेता आगे बढ़ाएंगे।
पार्टी ने इस नई टीम में मुख्य प्रवक्ता की अहम जिम्मेदारी देश के जाने-माने इनवेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट (खोजी पत्रकार) सौरव दास को सौंपी है। एक्स पर @SauravDassss हैंडल से सक्रिय सौरव दास पत्रकारिता के क्षेत्र का एक लंबा और व्यापक अनुभव रखते हैं। उन्होंने सालों तक अहम कानूनी, न्यायिक और सामाजिक मुद्दों पर बेबाक रिपोर्टिंग की है।
खास बात यह है कि नवंबर 2025 में इंडिया गेट पर हुए बड़े प्रदूषण विरोधी आंदोलन का नेतृत्व करने वालों में भी सौरव शामिल थे। मुख्य प्रवक्ता बनने के बाद सौरव ने युवाओं के गुस्से को आवाज देते हुए लिखा कि अब समय आ गया है कि हम उस व्यवस्था को बदलें जो युवाओं के भविष्य का मज़ाक उड़ाती है। उनके प्रोफाइल पर अमेरिकी लेखक नॉर्मन कज़िन्स का एक विचारोत्तेजक कोट लिखा है "जीवन में सबसे बड़ा नुकसान मृत्यु नहीं, बल्कि वह है जो हमारे भीतर जीते-जी मर जाता है।"
पार्टी के दूसरे प्रवक्ता के रूप में राजनीतिक शोधकर्ता, लेखक और फिल्ममेकर विजेता दहिया (@VijetaDahiya) के नाम का एलान किया गया है। विजेता दहिया के पास राजनीतिक रिसर्च और रणनीतिक विश्लेषण का एक मजबूत अनुभव है। वे कई बड़े यूट्यूब क्रिएटर्स के लिए कंटेंट और रिसर्च तैयार करने का काम कर चुके हैं।
इसके साथ ही वे 'पावर ऑफ यूनिवर्स' और 'टू हेल विद दैट जॉब' जैसी दो बेस्ट-सेलिंग किताबों के लेखक भी हैं। उन्होंने हरियाणवी सिनेमा में भी हाथ आजमाया है और 'दरारें' व 'ओपरी पराई' जैसी फिल्मों का लेखन व निर्देशन किया है। प्रतिष्ठित डीटीयू (DTU) से शिक्षित विजेता के एक्स प्रोफाइल पर डॉ. भीमराव अंबेडकर का सामाजिक लोकतंत्र से जुड़ा एक बेहद मजबूत संदेश लिखा है, जो स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की वकालत करता है।
तीसरे प्रवक्ता के रूप में एक बेहद ही पढ़े-लिखे और कॉरपोरेट जगत के अनुभवी चेहरे आशुतोष रांका (@AshutoshRanka) को टीम में शामिल किया गया है। आशुतोष आईआईटी कानपुर (IIT Kanpur) और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने लंदन में दुनिया की शीर्ष प्रबंधन परामर्श कंपनी 'मैकिंज़ी एंड कंपनी' में रणनीतिक प्रबंधक के रूप में काम किया है, जहाँ वे अंतरराष्ट्रीय संगठनों को आर्थिक रणनीतियों पर सलाह देते थे।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर भाजपा नेता विकास राजपूत का हमला, बोले- “भारत का युवा शेर है, कॉकरोच नहीं”
पिछले साल भारत लौटने के बाद उन्होंने जयपुर में पर्यावरण, शिक्षा और युवाओं से जुड़े कई जन आंदोलनों का नेतृत्व किया, जिनमें 'डोल का बाढ़', 'आमायरा आत्महत्या मामला' और 'नीट पेपर लीक' जैसे बड़े मुद्दे शामिल थे। उनके प्रोफाइल पर फ्रेंच फिलॉसफर रोमें रोलां का भारत की महानता को दर्शाता एक खूबसूरत कोट लिखा है।
Location : New Delhi
Published : 4 June 2026, 3:25 PM IST