
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Image Source: Google)
Kolkata: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने इस बार 360 डिग्री प्रचार रणनीति अपनाई है, जिसमें ग्लैमर और गवर्नेंस का अनूठा मिश्रण देखने को मिल रहा है।
बीजेपी का लक्ष्य साफ है तृणमूल कांग्रेस के मजबूत गढ़ में सेंध लगाकर सत्ता परिवर्तन का रास्ता तैयार करना। इसके लिए पार्टी ने राज्यभर में 500 जनसभाओं और पथसभाओं का लक्ष्य तय किया है। इस अभियान की शुरुआत बंगाली नववर्ष पायला बैसाख के मौके से की जा रही है, ताकि सांस्कृतिक जुड़ाव के जरिए भी मतदाताओं को साधा जा सके।
बीजेपी ने अपने सबसे बड़े चेहरों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। नरेंद्र मोदी पहले चरण में 11 बड़ी रैलियां कर रहे हैं, जिनमें कई रैलियां और एक रोड शो पहले ही हो चुके हैं। वहीं अमित शाह ने भी मोर्चा संभालते हुए 30 से ज्यादा कार्यक्रमों को संबोधित करने की योजना बनाई है। उनके बंगाल में डेरा डालने के संकेत से साफ है कि पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।
सपा सांसद डिंपल यादव ने बीजेपी पर बोला हमला, चुनाव प्रक्रिया पर उठाए गंभीर सवाल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी 11 रैलियां प्रस्तावित हैं, लेकिन इस बार उनकी रणनीति में बदलाव किया गया है। उन्हें अल्पसंख्यक क्षेत्रों के बजाय ग्रामीण और मध्य बंगाल के इलाकों में फोकस करने को कहा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा वोटरों तक पहुंच बनाई जा सके। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती भी 23 सभाओं के जरिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रहे हैं।
बीजेपी ने प्रचार में फिल्मी सितारों और बड़े नेताओं का भी पूरा इस्तेमाल किया है। स्मृति ईरानी, हिमंत बिस्व सरमा और माणिक साहा लगातार रैलियां कर रहे हैं। वहीं कंगना रनौत और हेमा मालिनी जैसी हस्तियां भी जनसभाओं के जरिए माहौल बनाने में जुटी हैं। साथ ही राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और नितिन गडकरी भी चुनावी प्रचार में सक्रिय हैं।
बीजेपी ने सिर्फ रैलियों तक खुद को सीमित नहीं रखा है, बल्कि कोलकाता और सिलीगुड़ी से रोज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सूचना युद्ध भी छेड़ दिया है। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस भी पीछे नहीं है। ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी लगातार रैलियां कर जवाबी हमला कर रहे हैं।
Location : Kolkata
Published : 13 April 2026, 3:26 AM IST
Topics : Amit Shah Rallies BJP Campaign Strategy Mithun Chakraborty PM Modi Rallies West Bengal elections 2026