आटा मिल में देर रात क्या हुआ ऐसा? लोहे की रॉड से BJP नगराध्यक्ष पर जानलेवा हमला, इलाके में सनसनी

बदायूं के बिल्सी में भाजपा नगराध्यक्ष आदित्य माहेश्वरी पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला हुआ। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और पुलिस जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 May 2026, 3:58 PM IST

बदायूं के बिल्सी में भाजपा नगराध्यक्ष पर हमला

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी कस्बे में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां भाजपा नगराध्यक्ष आदित्य माहेश्वरी पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आटा मिल पर काम के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला संख्या-6 निवासी आदित्य माहेश्वरी रविवार रात करीब 9 बजे अपनी आटा मिल पर काम देख रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही एक युवक वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला

विवाद बढ़ने पर आरोपी युवक ने पास पड़ी लोहे की रॉड उठाई और नगराध्यक्ष के सिर पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से आदित्य माहेश्वरी लहूलुहान हो गए। बचाव के दौरान उनके हाथ में भी चोटें आईं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही बिल्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नगराध्यक्ष को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने देर रात उनका मेडिकोलीगल किया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हमले की वजह पर सस्पेंस बरकरार

पुलिस के अनुसार अभी तक हमले के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी और नगराध्यक्ष के बीच पुरानी जान-पहचान हो सकती है, लेकिन विवाद किस बात को लेकर हुआ यह साफ नहीं है। पुलिस ने तहरीर का इंतजार करते हुए जांच शुरू कर दी है।

राजनीतिक हलकों में हड़कंप

भाजपा नगराध्यक्ष पर हुए इस हमले के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नाराजगी है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Location :  Budaun

Published :  25 May 2026, 3:58 PM IST