
akhilesh yadav statement
New Delhi: देश में चल रहे एलपीजी संकट के बीच राहत की उम्मीद जताई जा रही है। गैस से लदे दो बड़े जहाज ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ जल्द ही भारत पहुंचने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक ‘शिवालिक’ जहाज गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर और ‘नंदा देवी’ जहाज कांडला पोर्ट पर पहुँचने वाले हैं। इन जहाजों के आने से गैस आपूर्ति में कुछ सुधार होने की उम्मीद है। इसी बीच गैस की कमी को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एलपीजी संकट को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि लोगों को पर्याप्त मात्रा में रसोई गैस उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार से जुड़े कुछ लोग ही गैस की कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी को बढ़ावा दे रहे हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेशभर में गैस एजेंसियों के बाहर पहुंचेंगे। जहां भी लोगों की लंबी कतारें लगी होंगी, वहां की तस्वीरें और हालात जनता और मीडिया के सामने लाए जाएंगे, ताकि गैस की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
इससे पहले भी अखिलेश यादव गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर सरकार को घेर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर जनता को एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि संकट के समय सरकार को समस्या से इनकार करने के बजाय समाधान की दिशा में काम करना चाहिए, ताकि आम लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।
देश के कई हिस्सों में इन दिनों गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सरकार का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही आपूर्ति सामान्य करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Location : New Delhi
Published : 16 March 2026, 4:16 PM IST