सपा मुखिया अखिलेश यादव का हाईटेक पीडीए रथ अलख जगाने कल रायबरेली से निकलेगा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली से नए हाईटेक PDA रथ की यात्रा शुरू करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वह चुरुआ से रथ पर सवार होकर हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचेंगे। पार्टी का कहना है कि आगे यह रथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों तक जाएगा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 September 2026, 10:17 AM IST

Raebareli: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर 2026 को रायबरेली से अपने नए हाईटेक PDA रथ के जरिए यात्रा की शुरुआत करेंगे। पार्टी के मुताबिक यह यात्रा पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) सामाजिक गठजोड़ के संदेश के साथ उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ाई जाएगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 24 सितंबर का रायबरेली दौरा इस अभियान की शुरुआती कड़ी होगी।

लखनऊ से रवाना होकर चुरुआ पहुंचेंगे अखिलेश

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव सुबह करीब 11:15 बजे लखनऊ स्थित अपने आवास से कार के जरिए रवाना होंगे। करीब 12:15 बजे रायबरेली सीमा के पास चुरुआ/बछरावां पहुंचने के बाद वह पहली बार नए PDA रथ पर सवार होंगे। इसके बाद रथ से रायबरेली की ओर रवाना होने का कार्यक्रम है।

राहुल लोधी के आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात

दोपहर करीब 1:30 बजे अखिलेश यादव के हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां चाय कार्यक्रम के साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात और बातचीत प्रस्तावित है। शाम करीब 5 बजे वह रायबरेली से लखनऊ के लिए रवाना होंगे और लगभग 6:30 बजे लखनऊ स्थित अपने आवास लौटने का कार्यक्रम है।

‘अब बेटियों की सेहत बिगाड़ रहा मोबाइल और जंक फूड, अध्ययन में चौंकाने वाला खुलासा

हाईटेक सुविधाओं से लैस है PDA रथ

सपा के इस विशेष रथ को चुनावी यात्राओं के लिए तैयार किया गया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक बस में हाइड्रोलिक लिफ्ट, CCTV कैमरे, लाउडस्पीकर और Wi-Fi जैसी सुविधाएं हैं। रथ पर डॉ. बी.आर. आंबेडकर समेत कई महापुरुषों की तस्वीरें और PDA से जुड़ा संदेश प्रदर्शित किया गया है।

आगे पूरे प्रदेश में यात्रा का प्रस्ताव

सपा की योजना इस रथ को आने वाले महीनों में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों और विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाने की है। पार्टी की ओर से इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं और सामाजिक समूहों से संपर्क बढ़ाने वाले अभियान के रूप में पेश किया जा रहा है। विस्तृत रूट और आगे के कार्यक्रम की घोषणा बाद में किए जाने की बात कही गई है।

रायबरेली से शुरुआत ऐसे समय हो रही है, जब सपा 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा रही है। ऐसे में 24 सितंबर की यात्रा के बाद इस रथ का अगला रूट और कार्यक्रम राजनीतिक तौर पर भी चर्चा में रह सकता है।

Location :  Raebareli

Published :  23 September 2026, 9:50 AM IST