अखिलेश यादव का नोटबंदी पर हमला, बोले- भ्रष्टाचार का महासागर थी नोटबंदी, खजांची को भी नहीं भूली BJP

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नोटबंदी को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का महासागर बताते हुए अर्थव्यवस्था, छोटे कारोबारियों और आम जनता को हुए नुकसान का आरोप लगाया। खजांची के 10वें जन्मदिन, 2000 रुपये के नोट, बैंकिंग व्यवस्था और वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ वोट कटने के दावों पर भी सवाल उठाए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 November 2026, 2:48 PM IST

Lucknow: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार, 11 नवंबर को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने नोटबंदी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने नोटबंदी को 'भ्रष्टाचार का महासागर' बताते हुए कहा कि इस फैसले ने देश की अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया। उनके मुताबिक नोटबंदी ने छोटे कारोबारियों और आम जनता को स्लो पॉइजन की तरह नुकसान पहुंचाया।

अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में जन्मे बच्चे 'खजांची' का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खजांची आज 10 साल का हो गया है, लेकिन भाजपा ने आज तक उसका जन्मदिन नहीं मनाया। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को अब तो खजांची को गोद ले लेना चाहिए, लेकिन वैसे नहीं जैसे इनके नेताओं ने गांवों को गोद लिया था। उन्होंने कहा कि खजांची की पढ़ाई-लिखाई और पूरी देखभाल आज भी समाजवादी परिवार ही कर रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने 2000 रुपये के नोट को लेकर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि 2000 रुपये के नोट का जन्म भी खजांची के जन्म के साथ ही हुआ था। अखिलेश के मुताबिक, खजांची कभी-कभी रो-रोकर पूछता है कि उसके साथ जन्मे 2000 रुपये वाले मित्र का क्या हुआ और उसे क्यों दूर कर दिया गया।

नोटबंदी से कारोबार और बैंकिंग व्यवस्था को नुकसान पहुंचने का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी के समय भाजपा सरकार ने जो दावे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी के तमाम दावों के बावजूद आज बाजार में 70 प्रतिशत नगदी यानी कैश का चलन बढ़ गया है। उनके मुताबिक, इस फैसले के कारण कई छोटे-बड़े कारखानों पर ताले लग गए और वे आज तक इस नुकसान से नहीं उबर पाए हैं।

आपका खाता और आपको ही घाटा

सपा प्रमुख ने बैंकिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बैंकिंग व्यवस्था को सूदखोरों से भी ज्यादा खतरनाक बना दिया है। आज बैंकों में 'आपका खाता और आपको ही घाटा' वाला हिसाब चल रहा है। उन्होंने कहा कि पेनल्टी के नाम पर जनता के खातों से पैसा काटा जा रहा है।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा नेता 2047 का जुमला फेंक रहे हैं, जबकि नोटबंदी जैसे नकारात्मक फैसलों ने अर्थव्यवस्था को 1947 से भी पीछे धकेल दिया है। उन्होंने भाजपा नेताओं को खुली बहस की चुनौती भी दी। अखिलेश ने कहा कि अगर उनके आरोप झूठे लगते हैं तो इस मुद्दे पर खुली डिबेट करा ली जाए।

अखिलेश यादव का नोटबंदी पर हमला (Img: IANS)

1.27 करोड़ वोट कटने के दावे पर सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ वोट काटे जाने के दावों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "अखबारों में खबर छपी है कि 1 करोड़ 27 लाख का गांजा पकड़ा गया और इधर 1.27 करोड़ वोट कटने की बात हो रही है... यह क्या अजीब तालमेल है!"

अखिलेश ने भाजपा सरकार पर केवल 'कॉपी-पेस्ट' करने का आरोप लगाया। साथ ही पारदर्शी चुनाव व्यवस्था के लिए कुछ सुझाव भी रखे। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मजबूत मेटल कार्ड दिए जाने चाहिए। इसके अलावा वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ा जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि हर ग्राम सभा में बायोमेट्रिक मशीनें उपलब्ध हैं, इसलिए मतदान के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन लागू किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, इन उपायों से चुनावी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिल सकती है।

डिजिटल इंडिया के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा

अखिलेश यादव ने अंत में डिजिटल इंडिया के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले 'डिजिटल इंडिया' की बड़ी-बड़ी बातें करते थे और Paytm जैसी कंपनियों का प्रचार करते थे, आज वही डिजिटल प्लेटफॉर्म और बैंकिंग सुधारों पर जवाब देने से भाग रहे हैं। इस तरह प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने नोटबंदी से लेकर बैंकिंग व्यवस्था और चुनावी सुधारों तक कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया।

Location :  Lucknow

Published :  11 November 2026, 2:48 PM IST