
आकाश आनंद का बड़ा बयान, बोले- बहनजी को पांचवीं बार CM बनाइए (Image Source: Dynamite News)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने एत्मादपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 10 साल का हिसाब मांगने का समय आ गया है। जनता को अच्छी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार चाहिए, लेकिन सरकार विज्ञापनों के जरिए विकास का प्रचार कर रही है। उन्होंने एत्मादपुर से बसपा प्रत्याशी सर्वेश बघेल को जिताने और 6 दिसंबर को लखनऊ पहुंचकर बहनजी का संदेश सुनने की अपील की।
आकाश आनंद ने अपने संबोधन की शुरुआत 'जय भीम' के उद्घोष से की। उन्होंने कहा कि बहनजी ने अपने विश्वासपात्र सर्वेश बघेल को एत्मादपुर से उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों का आभार जताते हुए कहा कि माताएं-बहनें, बुजुर्ग और नौजवान अपना काम छोड़कर बड़ी संख्या में यहां पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि 6 दिसंबर को बहनजी स्वयं लोगों के बीच आकर अपना संदेश देंगी।
आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के 10 साल पूरे हो चुके हैं और अब जनता को हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक, सरकारी स्कूलों के बंद होने और महंगाई जैसे मुद्दे उठाए। उनका आरोप था कि सरकार विज्ञापनों पर भारी खर्च कर रही है, जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि नौजवान परीक्षाओं के लिए फॉर्म भरते हैं, फीस जमा करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।
महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों को विज्ञापन नहीं, बल्कि सुरक्षा चाहिए। उन्होंने महंगाई का जिक्र करते हुए रसोई गैस, पेट्रोल और डॉलर की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार से सवाल किए।
ये भी पढ़ें: गोरखपुर जाने वालों की हुई मौज! आगरा के ईदगाह स्टेशन पर रुकेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए कब और कितने बजे पहुंचेगी?
आगरा में आकाश आनंद ने भाजपा-सपा-कांग्रेस को घेरा (Image Source: Dynamite News)
आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने कांग्रेस पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। वहीं, समाजवादी पार्टी पर दलित समाज के अपमान और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विरोध का आरोप लगाया। उन्होंने अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव से दलित समाज के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय राजनीतिक दल दलित और पिछड़े समाज को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन बसपा सामाजिक सम्मान और अधिकारों की राजनीति करती है। आकाश आनंद ने भाजपा और सपा को एक-दूसरे के करीब बताते हुए बसपा को भाजपा की बी टीम कहे जाने के आरोपों को खारिज किया।
ये भी पढ़ें: जश्न के बीच छिपी रंजिश या अचानक भड़का गुस्सा? आगरा में लौटती बारात पर लाठी-सरियों से टूट पड़े हमलावर
आगरा के विकास का मुद्दा उठाते हुए आकाश आनंद ने कहा कि भाजपा को अयोध्या, सपा को इटावा और सैफई से मोहब्बत है, जबकि बसपा को आगरा से मोहब्बत है। उन्होंने कहा कि बहनजी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का मौका मिला तो आगरा को जन्नत बनाने का काम किया जाएगा। उन्होंने ताजमहल और आगरा के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि शहर के जूता उद्योग से जुड़े कारीगर आज रोजगार के लिए परेशान हैं।
आकाश आनंद ने अपने संबोधन के अंत में कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एत्मादपुर सीट पर सर्वेश बघेल को जिताने की अपील की। साथ ही 6 दिसंबर को लखनऊ पहुंचकर बहनजी का संदेश सुनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बसपा कार्यकर्ताओं को अपनी आवाज लखनऊ तक पहुंचानी है और पार्टी को मजबूत करना है।
Location : Agra
Published : 22 November 2026, 4:19 PM IST