उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का दौर जारी है। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में शीत लहर चल रही है। 25 जिलों में कोहरे का अलर्ट है। लखनऊ समेत कई शहरों में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। गौतमबुद्धनगर में स्कूल 10 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।

उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बर्फबारी का सीधा असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल रहा है। बीते कई दिनों से प्रदेश के अधिकांश जिलों में सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। सुबह और रात के समय ठिठुरन इतनी ज्यादा है कि सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। (Img: Google)
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश के करीब 25 शहरों में शीत लहर का प्रकोप बना रहेगा। लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, कानपुर, चित्रकूट सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है, जिससे वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है। (Img: Google)
राजधानी लखनऊ में बुधवार को दिन में धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवाओं के सामने वह नाकाफी साबित हुई। दिन का अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि गुरुवार को भी मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। गलन के कारण लोग अलाव और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं। (Img: Google)
नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। यहां विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी ठंड का असर जारी रहेगा। हालांकि दोपहर के समय हल्की धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन कुल मिलाकर प्रदेशभर में ठंड का सितम जारी रहेगा। (Img: Google)
लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को 10 जनवरी 2026 तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि यह निर्णय जिलाधिकारी के निर्देश पर लिया गया है। (Img: Google)