हिंदी
प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज की नई कार्यकारिणी गठित
Maharajganj: जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज की नई कार्यकारिणी का गठन उत्साह और विश्वास के माहौल में किया गया। पत्रकारों की भारी उपस्थिति के बीच क्लब के संरक्षक मंडल ने पुरानी कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की घोषणा की। इस मौके पर उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गूंज और फूल-मालाओं से नवनियुक्त पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इस नवगठित कार्यकारिणी में अमित त्रिपाठी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया, जिन्होंने अपने संबोधन में कहा कि "पत्रकारों ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। प्रेस क्लब को पत्रकारों की आवाज और उनके हक की लड़ाई का मंच बनाया जाएगा।"
शत्रुंजय सिंह रैकवार को उपाध्यक्ष और आशीष सोनी को महामंत्री बनाया गया।
संरक्षक मंडल में मनोज चतुर्वेदी, राहुल त्रिपाठी, बृजेश कुमार पाण्डेय और अमितेश त्रिपाठी ने पत्रकारों की सहमति से यह नई टीम गठित की। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी पत्रकारों के हितों की रक्षा करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
इसके अलावा कार्यकारिणी में बृजेश गुप्ता को संगठन मंत्री, अभिषेक श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष तथा अनुज शुक्ला को संयुक्त मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही जेडी खान, अंगद शर्मा, सर्वेश गुप्ता, राजेश पाण्डेय और शिव दयाल गिरी को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।
उपाध्यक्ष शत्रुंजय सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं, जिनकी कलम में समाज को दिशा देने की शक्ति है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हर संघर्ष में उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने इसे पत्रकारों के लिए एक नए युग की शुरुआत बताया।
संरक्षक राहुल त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारों के लिए एक मज़बूत संगठनिक ढांचा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब को एक जीवंत और सक्रिय मंच बनाया जाएगा। इस अवसर पर ओंकार पटेल, अमितेश गुप्ता, इनामुल्लाह खान, संदीप निगम, कृपा शंकर, उमेशचंद्र चौरसिया, रोहित कन्नौजिया, आनन्द पांडेय और बृजेन्द्र पांडेय समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 25 July 2025, 6:23 PM IST
Topics : Amit Tripathi Chairman Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Press Club of Maharajganj UP News