हिंदी
जोमैटो का बड़ा फैसला (Img: Pinterest)
New Delhi: ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो ने ग्राहकों की सेहत और खाने की क्वालिटी को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म पर एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स से बने व्यंजनों की बिक्री पर तुरंत रोक लगा दी है। जोमैटो ने कहा कि ग्राहकों को सही जानकारी और अच्छी क्वालिटी का खाना देना उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
एक प्रेस रिलीज में जोमैटो ने घोषणा की कि जिन रेस्टोरेंट पार्टनर्स ने अपने खाने में एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल की जानकारी दी थी, उन्हें प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। कंपनी ने साफ किया कि एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स को लेकर उसकी जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी है। कंपनी के नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी रेस्टोरेंट को प्लेटफॉर्म से हटाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें - Zomato, Swiggy, Blinkit और Zepto से डिलीवरी बंद! ईंधन के दाम बढ़ने से लाखों डिलीवरी और कैब चालकों की कमाई प्रभावित
जोमैटो के अनुसार, इस फैसले का मकसद ग्राहकों को साफ-सुथरा और सुरक्षित खाना उपलब्ध कराना है। कंपनी का कहना है कि ग्राहकों को खाने की सामग्री के बारे में सही जानकारी पाने का अधिकार है और रेस्टोरेंट को इस मामले में अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी चाहिए।
जोमैटो के CEO आदित्य मंगला ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अच्छी क्वालिटी का पौष्टिक खाना पहुंचाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्राहकों की सेहत की सुरक्षा और खाने की क्वालिटी के ऊंचे स्टैंडर्ड बनाए रखना कंपनी की मुख्य जिम्मेदारियां हैं। यह नई पॉलिसी उसी प्रतिबद्धता को दिखाती है और इसे उन रेस्टोरेंट पार्टनर्स के साथ मिलकर लागू किया जा रहा है जो क्वालिटी और पारदर्शिता को महत्व देते हैं।
जोमैटो ने अपने सभी रेस्टोरेंट पार्टनर्स को एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स की जगह नेचुरल डेयरी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है। अगर कोई रेस्टोरेंट ऐसा तुरंत नहीं कर सकता, तो उसे अपने मेनू से एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट्स वाले सभी व्यंजन हटाने होंगे।
यह भी पढ़ें - Eternal में बड़ा बदलाव… Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने सैलरी छोड़ी, जानिए नए CEO को कितनी मिलेगी सैलरी?
इसके अलावा, कंपनी ने रेस्टोरेंट को सलाह दी है कि वे अपने सप्लायर्स से मिलने वाले प्रोडक्ट्स और सामग्री की जांच करें ताकि यह पक्का हो सके कि ग्राहकों को सही जानकारी मिले। जोमैटो ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने वाले रेस्टोरेंट को प्लेटफॉर्म से हमेशा के लिए हटाया जा सकता है।
इस बीच जोमैटो से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने हैदराबाद में अपना कस्टमर सपोर्ट ऑपरेशन बंद कर दिया है। इस फैसले से लगभग 250 कर्मचारियों की नौकरी पर असर पड़ा है। बताया जा रहा है कि यह कदम कंपनी की रीस्ट्रक्चरिंग प्रक्रिया का हिस्सा है। जोमैटो कुछ समय से अपने कस्टमर सपोर्ट मॉडल में बदलाव कर रही है और अब अपनी सपोर्ट सेवाओं का एक बड़ा हिस्सा बाहरी एजेंसियों को आउटसोर्स करने की दिशा में बढ़ रही है।
Location : New Delhi
Published : 31 August 2026, 3:37 PM IST