डीके शिवकुमार को मिलेगी कर्नाटक की कमान या सिद्धारमैया करेंगे कार्यकाल पूरा, आलाकमान आज करेगा ये फैसला

कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया और डिप्टी सीएम शिवकुमार के दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। कांग्रेस हाईकमान के साथ होने वाली बैठकों पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 26 May 2026, 4:03 AM IST
google-preferred

New Delhi: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार आलाकमान के आदेश पर मंगलवार को दिल्ली पहुंच गए हैं। दोनों नेताओं के दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में दोनों नेता मौजूद रहेंगे। इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला भी हिस्सा लेंगे।

नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच कांग्रेस हाईकमान के साथ होने वाली बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा चुनाव, कैबिनेट फेरबदल और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। अगले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री पद को लेकर तस्वीर साफ होने की संभावना जताई जा रही है। कर्नाटक में सिद्धरमैया सरकार तीन वर्ष पूरे कर चुकी है।

कृत्रिम पैर से रचा इतिहास… अब पद्मश्री से सम्मानित हुए गोल्डन बॉय प्रवीण कुमार

कांग्रेस का आधिकारिक बयान

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से जब कर्नाटक को लेकर मंगलवार को होने वाली बैठक को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि राज्यसभा चुनावों की अधिसूचना जारी हो चुकी है। पार्टी लगातार इस संबंध में चर्चा कर रही है। उन्होंने इसके अलावा अन्य सभी अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया।

हाईकमान करेगा फैसला

वहीं डीके शिवकुमार ने हाल ही में कहा था कि वह और सिद्दारमैया दोनों कांग्रेस नेतृत्व के फैसले का पालन करेंगे। हालांकि उनके समर्थकों की गतिविधियों ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. दरअसल, हाल के दिनों में शिवकुमार के समर्थकों ने सार्वजनिक रूप से उन्हें ‘अगला मुख्यमंत्री’ बताना शुरू कर दिया है। मैसूर में उनके जन्मदिन समारोह के दौरान ‘Next CM DK Boss’ लिखे केक ने राजनीतिक संदेश दे दिया।

बताया जाता है कि सरकार गठन के दौरान सिद्दारमैया और शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर समझौते की चर्चाएं हुई थीं। हालांकि पार्टी ने कभी आधिकारिक तौर पर किसी ‘ढाई-ढाई साल’ फॉर्मूले की पुष्टि नहीं की।

Twisha Sharma Case: दिल्ली से भोपाल पहुंची CBI टीम, मंगलवार से खंगालेगी इस केस का राज

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि उन्हें दिल्ली बैठक के लिए बुलाया गया है, लेकिन एजेंडा की जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने उन्हें बैठक की तारीख और समय की जानकारी दी थी। वहीं डीके शिवकुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा कि कुछ परिस्थितियों में दिल्ली जाना जरूरी होता है।

फिलहाल कांग्रेस नेतृत्व की ओर से किसी बड़े बदलाव पर आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन दिल्ली में होने वाली बैठक पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं। मंगलवार को होने वाली इस बैठक में सभी अटकलों से तस्वीर साफ हो जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  26 May 2026, 3:45 AM IST

Advertisement