
किसके सिर पर सजेगा मुख्यमंत्री का ताज
New Delhi: देश की राजनीति में कल (सोमवार) का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने वाले हैं, जिसके लिए चुनाव आयोग और प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। मतगणना केंद्रों के बाहर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और अंदर हर वोट की गिनती पर नजर रखने के लिए कई स्तरों की निगरानी व्यवस्था बनाई गई है। राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज हैं, क्योंकि कल तय होगा कि किस राज्य में सत्ता कायम रहेगी और कहां बदलाव की लहर देखने को मिलेगी।
असम में 40 केंद्रों पर होगी मतगणना
असम में चुनाव परिणामों को लेकर उत्साह चरम पर है। राज्य के 35 जिलों में फैले 40 मतगणना केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां 722 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद है, जिनमें 59 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। मतदान के दौरान 85.96 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी, जिसे राज्य के चुनावी इतिहास में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं।
सट्टा बाजार ने बदले बंगाल के समीकरण, क्या सच में ‘दीदी’ पर भारी पड़ेंगे ‘मोदी’, पढ़े खास रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल में हाई अलर्ट पर चुनावी माहौल
पश्चिम बंगाल में मतगणना को लेकर सबसे ज्यादा सियासी गर्मी महसूस की जा रही है। 77 मतगणना केंद्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। राज्य में तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी लड़ाई होने की वजह से हर सीट पर कड़ी नजर रखी जा रही है। भवानीपुर, नंदीग्राम और भांगर जैसी सीटों पर राजनीतिक दलों के साथ आम लोगों की भी खास दिलचस्पी बनी हुई है।
तमिलनाडु में हजारों कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी
तमिलनाडु में मतगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए 10,500 से ज्यादा कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 4,600 से अधिक माइक्रो ऑब्जर्वर भी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर विशेष पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन को सुनिश्चित करेंगे।
दिल्ली का हाई-प्रोफाइल सुसाइड केस: IAS साली साहिबा की हुकूमत और बीवी की करतूत से टूट गए थे जज साहब!
केरल और पुडुचेरी में भी तैयारियां पूरी
केरल में मतगणना केंद्रों पर अंतिम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव आयोग ने हर चरण की निगरानी के लिए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। वहीं पुडुचेरी में सुरक्षा और रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी कराई जाएगी।
एग्जिट पोल ने बढ़ाया सस्पेंस
एग्जिट पोल ने कई राज्यों में मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। असम में बीजेपी की वापसी के संकेत मिल रहे हैं, जबकि केरल में एलडीएफ और यूडीएफ के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। तमिलनाडु में डीएमके और एआईएडीएमके गठबंधन के बीच मुकाबला बेहद करीबी बताया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना भी चर्चा में है, जिससे राजनीतिक हलकों में उत्सुकता और बढ़ गई है।
कल तय होगी राजनीतिक दिशा
मतगणना सिर्फ सीटों का हिसाब नहीं, बल्कि राज्यों की आने वाली राजनीतिक दिशा तय करेगी। चुनावी नतीजे यह भी बताएंगे कि जनता ने मौजूदा सरकारों पर भरोसा जताया है या बदलाव का रास्ता चुना है। अब पूरा देश कल सुबह शुरू होने वाली गिनती और उसके नतीजों पर नजर टिकाए बैठा है।
Location : New Delhi
Published : 3 May 2026, 7:13 PM IST
Topics : Assam Elections Kerala Elections Puducherry Elections Tamil Nadu Elections West Bengal Elections