
आरोपी नबील, जिसने 5 पुलिसकर्मियों पर किया चाकू से हमला (Image: X)
New Delhi: नई दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार को जो हुआ, उसने पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा दिया। एक युवक को पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में थाने में बुलाया गया और वहां पर युवक ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। पुलिस ने पीछा कर उसे चितली कबर इलाके में घेरने का प्रयास किया, जहां उसने दोबारा पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।
पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान 25 वर्षीय नबील के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे उसे अपनी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। थाने में पूछताछ के दौरान नबील ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं। अचानक हुए हमले से थाने में अफरा-तफरी मच गई। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल संजीवन अस्पताल ले जाया गया।
जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन (Image: X)
घायल पांच पुलिसकर्मियों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का संजीवनी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई।
पुलिस ने आगे बताया कि चाकू से हमला करने के बाद नबील थाने से फरार हो गया। भागने के लिए उसने एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। इसके बाद सेंट्रल जिले की ऑपरेशंस यूनिट ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसे चितली कबर इलाके में ट्रैक कर लिया।
पुलिस टीम ने जब चितली कबर इलाके में नबील को पकड़ने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को काबू में करने और खतरे को रोकने के लिए टीम ने फायरिंग की थी। इस दौरान नबील के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे काबू में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, आरोपी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि थाने में युवक चाकू लेकर कैसे पहुंचा?
Location : New Delhi
Published : 23 November 2026, 7:25 PM IST