Assembly Elections 2026: वनवास खत्म या अस्तित्व खत्म? 4 मई को वामपंथ के भविष्य पर लगेगा आखिरी मुहर

बंगाल चुनाव के नतीजे इस बार सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि एक पूरे राजनीतिक दौर की दिशा तय कर सकते हैं। वामपंथ के सामने अस्तित्व का सवाल खड़ा है, लेकिन क्या हालात सच में बदल रहे हैं या तस्वीर कुछ और है? 4 मई का दिन कई बड़े संकेत देने वाला है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 May 2026, 9:58 AM IST

Kolkata: पश्चिम बंगाल की राजनीति में कभी दशकों तक मजबूत पकड़ रखने वाला वामपंथ आज अपने सबसे निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। 4 मई को आने वाले विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे सिर्फ सीटों का गणित नहीं तय करेंगे, बल्कि यह भी साफ कर देंगे कि राज्य में वामपंथ की वापसी संभव है या उसका राजनीतिक अस्तित्व अब इतिहास बन जाएगा।

वर्ष 2021 के चुनावों में वाममोर्चा का खाता तक नहीं खुला था, जिसने उसके संगठन और समर्थकों दोनों को झकझोर दिया। इस बार वाम दलों ने ‘नया चेहरा, नई सोच’ के साथ मैदान में उतरने की रणनीति अपनाई है। खासतौर पर युवाओं को जोड़ने के लिए मीनाक्षी मुखर्जी जैसे चेहरों को आगे कर रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई।

युवा दांव और बदली रणनीति

वाममोर्चा ने इस चुनाव में अपनी पारंपरिक राजनीति से हटकर आक्रामक और जमीनी अभियान पर जोर दिया। छात्र संगठनों और युवा कार्यकर्ताओं के जरिए गांव-गांव तक पहुंचने की कोशिश की गई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि इस बार भी वोट प्रतिशत में बढ़ोतरी नहीं हुई तो पार्टी के लिए अपने कैडर को एकजुट रखना मुश्किल हो सकता है।

क्या लौटेगा ‘शिफ्ट हुआ’ वोट बैंक?

पिछले चुनावों में वामपंथ का बड़ा वोट बैंक भारतीय जनता पार्टी की ओर शिफ्ट होता देखा गया था, खासकर उन मतदाताओं में जो सत्तारूढ़ दल को हराना चाहते थे। इस बार सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वाम-कांग्रेस गठबंधन उस वोट को वापस अपनी ओर खींच पाया है या नहीं।

यह चुनाव केवल राजनीतिक दलों का नहीं, बल्कि मतदाताओं की प्राथमिकताओं का भी परीक्षण है। क्या जनता धार्मिक और पहचान की राजनीति से हटकर रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों पर वोट करेगी? इस सवाल का जवाब नतीजों में छिपा है।

Bengal Assembly Elections 2026: EVM छेड़छाड़ के आरोपों के बाद 15 बूथों पर दोबारा मतदान, क्या बदलेगा चुनावी खेल?

एक और झटका तो खत्म हो सकती है जमीन

अगर वाममोर्चा इस बार भी प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर पाया, तो इसके दूरगामी असर हो सकते हैं। लगातार हार से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट सकता है और संगठन कमजोर पड़ सकता है। इससे बंगाल की राजनीति पूरी तरह दो ध्रुवोंसत्तारूढ़ दल और मुख्य विपक्ष के बीच सिमट सकती है।

‘करो या मरो’ की स्थिति

सॉल्टलेक से लेकर सिलीगुड़ी तक वामपंथी खेमे में इस बार एक अलग तरह की बेचैनी और उम्मीद दोनों नजर आ रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर युवा कार्यकर्ताओं तक, सभी को चमत्कार की आस है।

4 मई का दिन तय करेगा कि क्या बंगाल में ‘लाल झंडा’ फिर से मजबूती से लहराएगा या यह केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित रह जाएगा। फिलहाल, पूरा सियासी भविष्य ईवीएम में बंद है और नजरें नतीजों पर टिकी हैं।

Location :  Kolkata

Published :  3 May 2026, 9:58 AM IST