Weather Update: दिल्ली में मौसम सुहावना; यूपी में उमस और गर्मी का प्रकोप जारी, जानिए कब मिलेगी राहत

23 जुलाई 2025 को नई दिल्ली में हल्की राहत वाली स्थिति बनी हुई है जबकि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उमस और तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। जानिए अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 23 July 2025, 7:27 AM IST

New Delhi: राजधानी दिल्ली में आज यानी बुधवार को मौसम अपेक्षाकृत राहत देने वाला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पूरे दिन का औसत तापमान लगभग 28.1 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम सुहावना बना रह सकता है और कुछ इलाकों में हल्की फुहारें भी देखने को मिल सकती हैं।

दिल्लीवासियों को जहां एक ओर आज उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं अगले कुछ दिनों में तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

दिल्ली में मौसम सुहावना

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार

बृहस्पतिवार (24 जुलाई): तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

शुक्रवार: गर्मी और बढ़ेगी, पारा 39.3 डिग्री तक जा सकता है।

शनिवार: सप्ताह का सबसे गर्म दिन हो सकता है, तापमान 39.9 डिग्री तक पहुंचने की संभावना।

रविवार: कुछ राहत के आसार, तापमान 34.9 डिग्री के आसपास रहेगा।

सोमवार: बारिश के संकेत, तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली में मानसूनी बादलों की सक्रियता धीरे-धीरे बढ़ रही है और सप्ताह के अंत तक बारिश की संभावना बन रही है।

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज गर्म

वहीं, उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में गर्मी और उमस से हाल बेहाल है। लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, बलिया और प्रयागराज जैसे जिलों में दिन में तेज़ धूप और रात में उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटें पड़ सकती हैं, लेकिन कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 26 जुलाई से प्रदेश में भारी बारिश की शुरुआत हो सकती है।

छोटे इलाकों में राहत की उम्मीद

हालांकि स्थानीय स्तर पर छिटपुट बारिश हो सकती है जिससे कुछ हद तक उमस में राहत मिलेगी, लेकिन व्यापक स्तर पर ठंडक मिलने के लिए प्रदेशवासियों को अभी इंतज़ार करना होगा।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 23 July 2025, 7:27 AM IST