Weather Update: देशभर में मानसून का कहर जारी, कई राज्यों में झमाझम बारिश के आसार

भारत में मानसून का दौर अपने चरम पर है। देश के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के चलते उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में मौसम बदलने वाला है। 27 जुलाई से कई राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 25 July 2025, 7:17 AM IST

New Delhi: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 4-5 दिनों तक देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विशेषकर दक्षिण, पूर्व और मध्य भारत के राज्यों में मानसून का असर अधिक देखने को मिल रहा है।

केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इसके अतिरिक्त बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो मानसून को और सक्रिय करेगा। 25 से 28 जुलाई के बीच पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में बदला-बदला मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम लगातार करवट ले रहा है। एक दिन तेज धूप, तो दूसरे दिन भारी बारिश से लोग परेशान हैं। जुलाई में अब तक यहां लगातार बारिश का कोई दौर नहीं देखा गया। स्काईमेट वेदर के अनुसार, दिल्ली में इस साल मानसून सामान्य से 18% कम रहा है। हालांकि 27 जुलाई से बदलाव की संभावना है और राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तर भारत में राहत के संकेत

उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी मानसून की सक्रियता बढ़ने के आसार हैं। यूपी में 30 जुलाई तक झमाझम बारिश की चेतावनी दी गई है। लखनऊ, प्रयागराज, बलिया और अयोध्या जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है और हिमाचल प्रदेश में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

यूपी में झमाझम बारिश की चेतावनी (सोर्स-गूगल)

पूर्वी भारत में बिजली और भारी वर्षा का खतरा

बिहार के 12 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है, जिनमें अररिया, पूर्णिया, गया और भागलपुर जैसे जिले शामिल हैं। झारखंड में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश जारी है।

पश्चिम भारत में भी अलर्ट

राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में भी मानसून सक्रिय है। राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर जैसे संभागों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं मुंबई में हल्की बारिश जारी है लेकिन अगले कुछ दिनों में स्थिति और गड़बड़ा सकती है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 25 July 2025, 7:17 AM IST