नई दिल्ली: भारत में मानसून ने इस बार समय से पहले दस्तक दे दी है और मौसम विभाग (IMD) ने जून के लिए अपने दीर्घकालिक पूर्वानुमान में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, जून में औसतन 166.9 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार इसके 108 प्रतिशत तक होने की उम्मीद है। इस बढ़ी हुई बारिश के कारण तापमान में कमी आएगी और लू की स्थिति से राहत मिलने की संभावना है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम रविचंद्रन ने बताया कि जून में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है। मध्य भारत के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा में अच्छी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि जून से सितंबर तक मानसून सीजन में दीर्घकालिक औसत 87 सेमी की 106 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से कृषि क्षेत्रों में जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा, बारिश सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है।
इन राज्यों में कम बारिश की संभावना
हालांकि, पंजाब, हरियाणा, केरल, तमिलनाडु, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश की संभावना है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में जून में लू वाले दिनों की संख्या भी सामान्य से कम रहने की उम्मीद है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।
महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के खाड़की गांव में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस क्षेत्र में कमर तक पानी भर गया है और कई लोग पानी में फंस गए हैं। सेना ने मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान शुरू किया है। यह गांव सेना के बख्तरबंद कोर केंद्र व स्कूल से लगभग 20 किमी दूर है और बढ़ते जलस्तर के कारण गंभीर स्थिति का सामना कर रहा है।
जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम
मानसून इस बार जम्मू-कश्मीर में जून के मध्य से अंत तक पहुंच सकता है, जो जून के अंत या जुलाई के पहले सप्ताह में वहां दस्तक देता है। इस दौरान, अमरनाथ यात्रा भी शुरू होती है। पिछले साल 2024 में भी प्री-मानसून बारिश के बाद जुलाई की शुरुआत में मानसून ने पूरी तरह से क्षेत्र को कवर किया था।
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम
देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज इस बार अलग-अलग है। उत्तर भारत में जहां भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में प्री-मानसून बारिश के कारण झमाझम बारिश हो रही है।

