हिंदी
पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट, स्कूलों पर भी असर।
मौसम अपडेट (Img: Google)
New Delhi: पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और सर्द हवाओं ने उत्तर से लेकर पूर्वी भारत तक ठिठुरन बढ़ा दी है। कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह-शाम गलन भरी ठंड और घने कोहरे के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में पारा 5 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है और मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।
दिल्ली-एनसीआर में रिकॉर्ड तोड़ ठंड
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस सीजन की सबसे भीषण ठंड दर्ज की गई। पालम इलाके में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो वर्ष 2013 के बाद सबसे कम है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई। तेज धूप खिलने के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिली और अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आठ राज्यों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, असम, पंजाब और हरियाणा समेत आठ राज्यों में अगले तीन दिनों तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा और रात में गलन भरी ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में पारा शून्य के करीब
राजस्थान में ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रतापगढ़ में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री और बाड़मेर में माइनस 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में बठिंडा 1.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि अमृतसर में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। हरियाणा में हिसार का तापमान 2.2 डिग्री, नारनौल 3 डिग्री, रोहतक 4 डिग्री और फरीदाबाद 4.2 डिग्री दर्ज किया गया।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में दिख रहा है, जहां सर्द हवाओं ने ठंड को और तीखा बना दिया है।
स्कूलों पर पड़ा ठंड का असर
भीषण ठंड को देखते हुए दिल्ली और गौतमबुद्धनगर में कक्षा 8 तक के स्कूलों को 15 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। गाजियाबाद में भी 8वीं तक की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जाएगी। बच्चों की सेहत को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
17 जनवरी तक चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 जनवरी तक सुबह के घने कोहरे और भीषण शीतलहर का असर बना रहेगा।