
प्रतीकात्मक छवि
New Delhi: दिल्ली में मंगलवार को एक बार फिर से तापमान में कमी देखने को मिली। उत्तर से आ रही हवाओं के कारण तापमान में कमी देखी जा रही है। जो दो से तीन दिन जारी रहेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम 25.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 16 नवंबर के बाद यह दूसरा मौका है जब न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जबकि 17 नवंबर को न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस आया नगर में रहा। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाई रहेगी। मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। हालांकि अभी दो से तीन तक तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री के बीच रहने और अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री के बीच रहेगा। 29 नवंबर से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 25-27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
Weather Update: दिल्ली में बढ़ी ठंड, मुंबई-साउथ में बारिश का अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा मौसम?
पंजाब में फरीदकोट मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, सोमवार को तापमान 4.4 डिग्री था। हरियाणा में 6.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ हिसार सबसे ठंडा रहा। चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, गुरदासपुर में 7 डिग्री, अमृतसर में 7.8 डिग्री, लुधियाना में 7.4 डिग्री और फिरोजपुर में 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के सिरसा में 7.8 डिग्री, गुरुग्राम में 9.8 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दोनों प्रदेशों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में पारा 7.9 डिग्री पर रिकॉर्ड किया गया।
Weather Update: दिल्ली में बढ़ी ठंड, मुंबई-साउथ में बारिश का अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा मौसम?
श्रीनगर में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे पारा दर्ज किया गया। इससे पहले की रात न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री रहा था। दक्षिण कश्मीर में शोपियां शहर घाटी में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
Location : New Delhi
Published : 26 November 2025, 6:00 AM IST
Topics : Cold wave Delhi IMD Punjab uttar pradesh