
Symbolic Photo
New Delhi: उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बूंदाबांदी के साथ ठंड बढ़ गई है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में दृश्यता बेहद कम रहने से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है।
कोहरे से सड़क और रेल यातायात प्रभावित
घने कोहरे के कारण कई राज्यों में सुबह के समय वाहन रेंगते नजर आए। हाईवे पर गाड़ियों की रफ्तार थम सी गई। रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। जम्मू-कश्मीर में धुंध के कारण श्री माता वैष्णो देवी की कटड़ा–सांझीछत चॉपर सेवा भी बाधित रही।
अगले चार दिन और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है, लेकिन इसके बाद लगातार चार दिनों तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा और शीतलहर चलने की संभावना बनी हुई है। दिल्ली के लिए ठंड और कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तापमान का हाल
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री और चंडीगढ़ में 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार में कोहरे का असर, कई जिलों में कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग ने बताया कि बिहार में अगले चार दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। राज्य के सात शहरों में घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि 25 जिलों में ज्यादा ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित बना हुआ है।
राकेश टिकैत आज ग्रेटर नोएडा में भरेंगे हुंकार, यमुना एक्सप्रेसवे जीरो पॉइंट पर करेंगे महापंचायत
कश्मीर में चिल्ले कलां की शुरुआत
कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के साथ 40 दिनों की कठोर सर्दी वाले चिल्ले कलां की शुरुआत हो गई है। सोनमर्ग, गुलमर्ग सहित कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। श्रीनगर में तड़के से शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
जम्मू और कटड़ा में बारिश, मुगल रोड बंद
जम्मू और कटड़ा में हल्की बारिश हुई है। बर्फबारी के चलते राजोरी और पुंछ को शोपियां से जोड़ने वाले मुगल मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है। मौसम में बदलाव के कारण घाटी में दिन का तापमान गिरा है, जबकि रात का तापमान बढ़ा है।
हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा, धौलाधार और लाहुल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। रोहतांग और कुंजम दर्रे में करीब आधा फीट हिमपात दर्ज किया गया। चुराह, भरमौर और चंबा में बूंदाबांदी से ठंड बढ़ गई है।
उड़ानों और ट्रेनों पर सबसे ज्यादा असर
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने के कारण 110 उड़ानें रद कर दी गई, जबकि 700 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इस सप्ताह 15 से 21 दिसंबर के बीच 806 उड़ानें कोहरे की भेंट चढ़ चुकी हैं। श्रीनगर, पटना और दरभंगा एयरपोर्ट से भी कई उड़ानें रद या विलंबित रहीं। वहीं दिल्ली से आने-जाने वाली 60 से अधिक ट्रेनें दो से नौ घंटे तक देरी से चलीं।
Location : New Delhi
Published : 22 December 2025, 6:47 AM IST
Topics : New Delhi Weather Update Winter update