
विक्रांत तोमर (Image: X)
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी महंगी कारें किराये पर लेता था और उनमें घूमते हुए वीडियो तथा रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करता था। इन वीडियो के जरिए वह खुद को पैसे वाला कारोबारी दिखाता था, ताकि महिलाएं उसकी आर्थिक स्थिति से प्रभावित हों। आरोप है कि वह एक ही किराये की कार में अलग-अलग महिला कांस्टेबलों को घुमाता और उनके सामने अमीर पार्टनर होने का दिखावा करता था। कई बार वह एक महिला से दूसरी महिला को घुमाने का खर्च भी अलग-अलग बहाने बनाकर वसूल लेता था। इस तरह लग्जरी लाइफस्टाइल का दिखावा उसके कथित ठगी के तरीके का अहम हिस्सा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले महिलाओं से दोस्ती करता था और फिर शादी करने का भरोसा देकर नजदीकियां बढ़ाता था। इसके बाद अलग-अलग जरूरतों और बहानों के नाम पर उनसे पैसे मांगता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कितनी महिलाओं से कितनी रकम ली गई और ठगी की कुल राशि कितनी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी पर महिला सिपाहियों से करीब 70 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है। हालांकि, इस रकम की आधिकारिक पुष्टि और वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
इस मामले का एक अहम पहलू आरोपी की सहमति संबंध पार्टनर का दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल होना है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में उसे अपनी पत्नी बताया है। जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि वह अपनी पार्टनर के जरिए उसकी बैचमेट महिला कांस्टेबलों की जानकारी जुटाता था और फिर उन्हें निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार, कथित तौर पर ठगी की शिकार हुई करीब 20 महिला कांस्टेबल एक ही बैच की हैं। कई महिलाओं ने अभी तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में और कितनी महिलाएं प्रभावित हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, विक्रांत तोमर के खिलाफ मायापुरी, हरिनगर, इंद्रपुरी और पूर्वी जिला साइबर पुलिस थाने में भी मामले दर्ज हैं। वह इसी साल जून में जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोप है कि बाहर आने के बाद उसने फिर से ऐसी वारदातें शुरू कर दीं। फिलहाल अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मध्य जिला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की आगे की जांच के लिए उसे दोबारा पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी की जाएगी। जांच के दौरान ठगी की रकम, पीड़ितों की संख्या और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 26 October 2026, 1:48 PM IST