हिंदी
CBI का शिकंजा (Img : Google)
New Delhi : ओडिशा के बालासोर से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी CBI ने CGST विभाग के एक अधीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी एक कारोबारी का GST रिफंड जारी कराने के बदले 50 हजार रुपये की घूस मांग रहा था। जैसे ही शिकायत CBI तक पहुंची। एजेंसी ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया।
CBI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने एजेंसी को बताया था कि उसकी कंपनी का करीब 16 लाख रुपये का GST रिफंड लंबित था। आरोप है कि इस रिफंड को जारी करने के लिए CGST अधीक्षक और सहायक आयुक्त की ओर से रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले को गंभीरता से लिया और 8 मई को तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान CBI ने पूरी रणनीति के तहत ट्रैप ऑपरेशन चलाया। एजेंसी की टीम ने शिकायतकर्ता को आरोपी अधिकारी तक भेजा और जैसे ही रिश्वत की रकम दी गई, CBI टीम ने मौके पर पहुंचकर अधीक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी 50 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Akanksha Dubey केस में 3 साल बाद आएगा बड़ा फैसला, क्या CBI करेगी मामले की जांच?
CBI की इस कार्रवाई के बाद CGST विभाग में हड़कंप का माहौल है। सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी को लेकर पहले से सवाल उठते रहे हैं, लेकिन इस तरह रंगे हाथ गिरफ्तारी ने कई अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
CBI ने साफ किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे और खुलासे हो सकते हैं। एजेंसी आरोपी अधिकारियों के बीच हुई बातचीत, दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस केस में कुछ और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
Location : New Delhi
Published : 8 May 2026, 10:50 PM IST
Topics : CBI CBI Raid CGST GST Refund Odisha