

उत्तर रेलवे ने यमुना पर स्थित पुराने पुल की जर्जर हालत के चलते ट्रैफिक बंद कर दिया है, जिससे 100 से अधिक ट्रेनें रद्द, डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट करनी पड़ीं। यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। यमुना बाजार समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी भरा है, हालांकि जलस्तर घट रहा है।
यमुना पुल बंद
New Delhi: उत्तर रेलवे ने दिल्ली मंडल के पुराने लोहे के यमुना पुल (ब्रिज संख्या 249) पर ट्रैफिक मूवमेंट को सुरक्षा कारणों से पूरी तरह से रोक दिया है। इस पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसके चलते दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
50 से अधिक ट्रेनें रद्द, कई डायवर्ट और शॉर्ट-टर्मिनेट
उत्तर रेलवे के अनुसार, इस पुल के बंद होने से 50 से अधिक ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, जबकि 40 से ज्यादा ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया है। 15 से अधिक ट्रेनों को शॉर्ट-ओरिजिनेट और करीब 20 को शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। इससे हर दिन हजारों यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है।
UP Weather Alert: यूपी में मौसम का यू-टर्न! तेज बारिश थमी, जानिए कब मिलेगी गर्मी और उमस से राहत?
यमुना पुल
दिल्ली-सहारनपुर व शामली मार्ग सबसे अधिक प्रभावित
दिल्ली से सहारनपुर, शामली, गाजियाबाद की ओर जाने वाली अधिकतर पैसेंजर और ईएमयू ट्रेनें बंद कर दी गई हैं। दिल्ली जंक्शन–सहारनपुर एक्सप्रेस (14545), दिल्ली–शामली स्पेशल (4413), और दिल्ली–सहारनपुर मेमू (64557, 64027) जैसी ट्रेनों को रद्द या दूसरे स्टेशनों से चलाया जा रहा है।
लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट में बदलाव
पद्मावत एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, गरीब नवाज़, रानीखेत, मसूरी, कलिंदी, फरक्का और ब्रहमपुत्र मेल जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों को दिल्ली सराय रोहिल्ला, सब्ज़ी मंडी, हजरत निजामुद्दीन और साहिबाबाद जैसे स्टेशनों से होकर गुजारा जा रहा है। वहीं, कुछ ट्रेनों को शाहदरा, आनंद विहार और गाजियाबाद में शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया गया है।
बारिश बनी कहर: हरियाणा में पांच और जिंदगी खत्म, हालात कितने खतरनाक?
यात्रियों को समय पर जानकारी न मिलने से परेशानी
रेलवे ने कुछ गाड़ियों को वैकल्पिक स्टेशनों से चलाने का प्रयास किया है, लेकिन यात्रियों को समय पर सही जानकारी न मिलने के कारण भीड़ और अव्यवस्था बढ़ गई है। उत्तर रेलवे ने यात्रियों से आग्रह किया है कि यात्रा से पहले एनटीईएस पोर्टल या 139 नंबर पर कॉल करके अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
बाढ़ के हालात में मामूली राहत
आईएसबीटी कश्मीरी गेट, सिविल लाइंस और यमुना बाजार जैसे इलाकों में बाढ़ का पानी 4 से 10 फीट तक भर गया है। यमुना बाजार की स्थिति सबसे खराब है। कई कॉलोनियों में सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है। बृहस्पतिवार को जलस्तर में करीब 5 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई।