
N Chandrasekaran (IMG: Social Media)
New Delhi: बुधवार को शेयर बाजार में टाटा ग्रुप के निवेशकों के लिए दिन कुछ खास अच्छा नहीं रहा। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के पद से इस्तीफा देने की खबर सामने आने के बाद ग्रुप की कई कंपनियों के शेयरों पर दबाव दिखा। बाजार खुलने के बाद TCS, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और तेजस नेटवर्क्स समेत कई शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट का असर इतना बड़ा रहा कि टाटा ग्रुप की कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू में 44,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमी आ गई।
TCS समेत इन शेयरों में बड़ी गिरावट
बुधवार के कारोबार में सबसे ज्यादा दबाव टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी TCS के शेयर पर नजर आया। इसमें करीब 4.10 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। वहीं टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर में 2.70 फीसदी और तेजस नेटवर्क्स में 2.14 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली। इसके अलावा Tata Elxsi का शेयर 1.84 फीसदी, टाटा टेक्नोलॉजीज 1.50 फीसदी और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड यानी IHCL 1.32 फीसदी नीचे रहा। टाइटन के शेयर में 1.14 फीसदी और टाटा पावर में 1.12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। टाटा स्टील भी 1.09 फीसदी नीचे कारोबार करता नजर आया। वोल्टास के शेयर में करीब 1.10 फीसदी की कमजोरी रही।
इस्तीफे की खबर से बाजार में हलचल
एन चंद्रशेखरन के टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफे की खबर बाजार के लिए अहम मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंद्रशेखरन दोबारा इस पद पर नहीं लौटेंगे। इस खबर के सामने आने के बाद निवेशकों में ग्रुप की कंपनियों को लेकर सतर्कता बढ़ी और कई शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। टाटा संस टाटा ग्रुप की प्रमुख होल्डिंग कंपनी है। ऐसे में चेयरमैन पद में बदलाव की खबर का असर ग्रुप की सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों पर भी दिखाई दिया।
इन दो शेयरों में दिखी तेजी
हालांकि टाटा ग्रुप के सभी शेयर लाल निशान में नहीं रहे। कारोबार के दौरान टाटा कैपिटल के शेयर में 0.48 फीसदी की तेजी देखने को मिली। वहीं टाटा केमिकल्स का शेयर 1.13 फीसदी मजबूत रहा। यानी ग्रुप के कुछ शेयरों ने बाजार की बिकवाली के बीच भी मजबूती दिखाई। बाजार की नजर अब इस बात पर रहेगी कि टाटा संस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर आगे क्या तस्वीर सामने आती है और इसका असर आने वाले कारोबारी सत्रों में टाटा ग्रुप की कंपनियों के शेयरों पर कितना पड़ता है।
Location : New Delhi
Published : 12 August 2026, 11:52 AM IST