जंतर मंतर पर सोनम वांगचुक के अनशन को मिला सपा सांसद डिंपल यादव का साथ, क्या झुकेगी अब केंद्र सरकार?

दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के अनशन के 19वें दिन समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने उनसे मुलाकात कर समर्थन दिया। परीक्षाओं में गड़बड़ी और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर 20 जुलाई को संसद मार्च की तैयारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 July 2026, 4:25 PM IST

New Delhi: राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर एक बार फिर देश की सबसे बड़ी सियासी और सामाजिक जंग का केंद्र बन गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं।

इस आंदोलन को अब उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) का भी खुला समर्थन मिल गया है। गुरुवार को सपा सांसद डिंपल यादव और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने खुद जंतर-मंतर पहुंचकर वांगचुक से मुलाकात की और उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की।

डिंपल यादव ने संभाला मोर्चा

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले चल रहे इस छात्र आंदोलन को धार देने के लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मौके पर पहुंचकर एकजुटता दिखाई। डिंपल यादव ने वांगचुक के स्वास्थ्य का हालचाल जाना और उनके इस संघर्ष को छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।

अब अनशन खत्म कर दीजिए… सुप्रीम कोर्ट बार अध्यक्ष की सोनम वांगचुक से अपील, पत्र में इन पर भी साधा निशाना

इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी वहां जाने की घोषणा की थी, जबकि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उनसे अनशन खत्म करने की भावुक अपील की थी। किसान नेता राकेश टिकैत भी इस आंदोलन के समर्थन में उतर आए हैं, जिससे यह साफ है कि आने वाले दिनों में यह विरोध प्रदर्शन सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनने जा रहा है।

कोर्ट की सख्ती: 'हर नागरिक की जान कीमती है'

लगातार 19 दिनों से भूखे रहने के कारण सोनम वांगचुक का वजन तेजी से गिरा है और उनके स्वास्थ्य को लेकर समर्थक बेहद चिंतित हैं। इसी बीच दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इस मामले में हस्तक्षेप किया है। कोर्ट ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि वह रोजाना वांगचुक का मेडिकल परीक्षण कराए और स्थिति बिगड़ने पर तुरंत आवश्यक चिकित्सा हस्तक्षेप सुनिश्चित करे। कोर्ट ने यह भी साफ किया कि हर नागरिक की जिंदगी बेहद अनमोल है।

बिगड़ती तबीयत के बीच क्या भूख हड़ताल तोड़ेंगे सोनम वांगचुक? समर्थन में उतरे कई नेता; जानिए ये बड़े अपडेट

20 जुलाई को संसद मार्च का बड़ा ऐलान

शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार और परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर यह आंदोलन अब आर-पार की लड़ाई में तब्दील होने जा रहा है। सीजेपी (CJP) ने आगामी 20 जुलाई को संसद तक एक बड़े विरोध मार्च का ऐलान किया है। विपक्षी नेताओं के बढ़ते समर्थन और छात्रों की भारी भागीदारी को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि संसद के मानसून सत्र के दौरान यह मुद्दा दोनों सदनों में जमकर गूंजेगा।

Location :  New Delhi

Published :  16 July 2026, 4:25 PM IST