दलेर मेहंदी की सेहत पर बेटे गुरदीप ने दिया अपडेट, उत्तराखंड के मंत्री विवाद पर साधी चुप्पी

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में मंत्री सुबोध उनियाल और दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद के बीच बेटे गुरदीप मेहंदी ने सिंगर की सेहत पर अपडेट दिया। उन्होंने पिता को बिल्कुल ठीक बताया, लेकिन विवाद पर टिप्पणी नहीं की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 October 2026, 1:19 PM IST

Chandigarh: म्यूजिक इंडस्ट्री के दिग्गज सिंगर दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद को लेकर चर्चा जारी है। टिहरी गढ़वाल में नवरात्रि कार्यक्रम के दौरान मंत्री द्वारा मंच पर दलेर मेहंदी को फटकारे जाने और उन पर नशे में होने का आरोप लगाए जाने के बाद कई फिल्मी सितारों ने नाराजगी जताई थी। अब दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने अपने पिता की सेहत को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनके पिता बिल्कुल ठीक हैं। हालांकि, गुरदीप ने उत्तराखंड में हुए विवाद पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की।

‘एकदम फर्स्ट क्लास’, बेटे ने बताया पिता का हाल

गुरुवार को एक अवॉर्ड समारोह में पहुंचे गुरदीप मेहंदी से जब उनके पिता की तबीयत के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया। गुरदीप ने कहा, ‘वे एकदम फर्स्ट क्लास, शानदार और सुपरहिट हैं।’

उनके इस बयान से दलेर मेहंदी की सेहत को लेकर जताई जा रही चिंताओं पर स्थिति साफ हुई। हालांकि, गुरदीप ने अपने पिता और उत्तराखंड के मंत्री के बीच हुए विवाद को लेकर कुछ भी कहने से परहेज किया।

टिहरी में कार्यक्रम के दौरान क्या हुआ था?

बताया गया कि 18 अक्टूबर की शाम टिहरी गढ़वाल में आयोजित नवरात्रि कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर दलेर मेहंदी को फटकार लगाई थी। मंत्री ने कथित तौर पर सिंगर के नशे में होने को लेकर सवाल उठाए थे। इस घटना के बाद मामला चर्चा में आ गया और सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

दलेर मेहंदी के समर्थन में कई कलाकारों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। मीका सिंह, अनुपम खेर और बादशाह समेत कई हस्तियों ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। कुछ कलाकारों ने दलेर मेहंदी के शराब न पीने की बात कही और उनकी तबीयत खराब रहने की जानकारी भी साझा की।

पंजाबी म्यूजिक अवॉर्ड्स को लेकर भी बोले गुरदीप

कार्यक्रम के दौरान गुरदीप मेहंदी से पंजाबी म्यूजिक अवॉर्ड्स में शामिल होने को लेकर भी सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि वह इस आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित हैं और काफी समय बाद इसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने इसे अपने लिए शानदार एहसास बताया।

फिलहाल गुरदीप के बयान में पिता की सेहत को लेकर आश्वासन जरूर है, लेकिन उत्तराखंड में हुए विवाद पर उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Location :  Chandigarh

Published :  25 October 2026, 1:19 PM IST